कुल्लू : ‘एड्स सुरक्षा हेतु जन-सक्रियता अभियान’ (एमएएस) एवं राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर वीरवार को उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यक्रम की समीक्षा की गई।
इस दौरान राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) द्वारा निर्धारित 95:95:99 लक्ष्यों को पूरा करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने तथा एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी के मां से शिशु में संक्रमण की रोकथाम (त्रिस्तरीय संक्रमण उन्मूलन) की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 1 दिसंबर, 2026 तक जिले में 95:95:99 के लक्ष्यों को हर हाल में प्राप्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि इसके लिए एक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख कार्ययोजना तैयार कर उसे धरातल पर सख्ती से लागू किया जाए, ताकि कार्यक्रम के क्रियान्वयन में आने वाली कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि नाको द्वारा इन लक्ष्यों की उपलब्धियों के आधार पर सभी जिलों को चार श्रेणियों ‘सुरक्षित प्लस’, ‘सुरक्षित’, ‘सक्षम’ और ‘संघर्षशील’ में वर्गीकृत किया गया है तथा अप्रैल 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार कुल्लू जिला वर्तमान में ‘संघर्षशील’ श्रेणी में है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले को ‘सुरक्षित’ तथा आगे चलकर ‘सुरक्षित प्लस’ श्रेणी में लाने के लिए मिशन मोड में कार्य करना होगा।
उन्होंने प्रसव पूर्व देखभाल के अंतर्गत सभी गर्भवती महिलाओं की शत-प्रतिशत एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मां से शिशु में संक्रमण के मामलों को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
उन्होंने कहा कि एड्स की रोकथाम, जांच, उपचार एवं देखभाल से संबंधित सेवाओं को जिले के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग तथा संबंधित संस्थाएं आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ पहुंच सके।
इस दौरान जिला स्वास्थ्य कार्यक्रम अधिकारी कुल्लू डॉ. सुरेश ने राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के बारे में विस्तार से प्रस्तुति दी।
ऊना में एचआईवी सहित अन्य संक्रमणों की रोकथाम पर दिया जोर
ऊना : क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के सभागार में उच्च जोखिम समूहों (एचआरजी) और संवेदनशील वर्गों के लिए कानूनी एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ऊना के सहयोग से हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति के अंतर्गत कार्यरत सनराइज एनजीओ टीआईपी ऊना द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 90 लोगों ने भाग लिया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की अधिवक्ता बबिता ने प्रतिभागियों को उनके कानूनी अधिकारों, संबंधित कानूनों और निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान जिला एड्स नियंत्रण कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विशाल ठाकुर ने एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी और सिफलिस जैसे संक्रमणों की रोकथाम, समय पर जांच और उपचार के महत्व पर जोर दिया।
उन्होंने कर्मचारियों और स्वयंसेवकों से राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के 95-95-95 लक्ष्य और एमएएस अभियान को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पिंदर राणा, डॉ. चारू, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण, नर्सिंग अधीक्षक ललिता जसवाल, एआरटी एवं आईसीटीसी काउंसलर सहित सनराइज एनजीओ के प्रोजेक्ट डायरेक्टर मोहिंदर पाल डोगरा, प्रोजेक्ट मैनेजर शैल्ली डोगरा तथा अन्य कर्मचारी व स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
- ये भी पढ़ें : एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस में यहां नौकरी का मौका, 23 नवंबर को होंगे इंटरव्यू; 25 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन
- ये भी पढ़ें : चिट्टा तस्करी मामलों में 21 पुलिसकर्मी समेत 51 कर्मचारियों की गई नौकरी, 159 लोग जेल पहुंचे: CM सुक्खू





