हिमाचल में IPS अधिकारियों के तबादले, इन चार जिलों के एसपी भी बदले, क्लिक पर पूरी डिटेल

सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गुरुवार देर शाम आईपीएस अधिकारियों के तबादला और तैनाती आदेश जारी हुए। इनमें 12 आईपीएस और 2 एचपीएस अधिकारी शामिल हैं।

0

शिमला :  हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 14 पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं। गुरुवार देर शाम आईपीएस अधिकारियों के तबादला और तैनाती आदेश जारी हुए। इनमें 12 आईपीएस और 2 एचपीएस अधिकारी शामिल हैं। इस फेरबदल के तहत शिमला, ऊना, सोलन और मंडी जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं, जबकि कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

जारी आदेशों के अनुसार आईपीएस अधिकारी गौरव सिंह को शिमला जिले का नया एसपी नियुक्त किया गया है। वहीं सचिन हिरेमथ को ऊना जिले का एसपी लगाया है। सोलन जिले की कमान अब आईपीएस तिरुमलराजु एसडी वर्मा संभालेंगे। मंडी जिले में एचपीएस अधिकारी विनोद कुमार-I को पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

ये भी पढ़ें:  नौकरी चाहिए तो 4 नवंबर को पहुंचे यहां, कंप्यूटर ऑपरेटर और सिक्योरिटी गार्ड पदों के लिए होंगे कैंपस इंटरव्यू

आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुल्लर को पुलिस महानिरीक्षक (कम्युनिकेशन और टेक्निकल सर्विसेज) की जिम्मेदारी दी गई है। डॉ. डीके चौधरी को पुलिस महानिरीक्षक (आर्म्ड पुलिस और ट्रेनिंग) नियुक्त किया गया है। रोहित मलपानी को डीआईजी साइबर क्राइम के पद पर तैनाती दी गई है, जबकि आईपीएस डॉ. रमेश चंदर छाजटा को डीआईजी प्रिज़ेंस और करेक्शन सर्विसेज का दायित्व सौंपा गया है। दिवाकर शर्मा को डीआईजी इंटेलिजेंस और सिक्योरिटी धर्मशाला में तैनात किया गया है।

आईपीएस साक्षी वर्मा को एसपी राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो मंडी लगाया गया है। अरविंद चौधरी को चौथी इंडियन रिजर्व बटालियन जंगलबेरी का कमांडेंट नियुक्त किया गया है और उनके पास एसटीएफ मंडी जोन का अतिरिक्त कार्यभार भी रहेगा। आईपीएस संदीप कुमार भारद्वाज को राज्यपाल के एडीसी के रूप में तैनाती दी गई है। शिमला के मौजूदा एसपी रहे आईपीएस संजीव कुमार गांधी को पदोन्नत कर डीआईजी बनाया गया है और उनकी सेवाएं कार्मिक विभाग को सौंपी गई हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में कार से हो रही थी नशे की तस्करी, पुलिस ने नाकेबंदी कर दबोचे शिमला जिला के दो युवक

आईपीएस सौम्या सांबशिवन को पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह के प्रिंसिपल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। आईपीएस अमित यादव को तुरंत प्रभाव से पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश जारी किए गए हैं। वहीं एचपीएस अधिकारी रमण शर्मा को भी पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के आदेश दिए गए हैं।