बद्दी : चिट्टा तस्करी की सूचना पर बद्दी पुलिस ने बरोटीवाला टोल बैरियर पर नाकाबंदी की तो एक संदिग्ध कार चालक ने पुलिस को कुचलने की कोशिश करते हुए बैरियर तोड़ दिया। तेज रफ्तार में भागी कार कुछ ही सेकेंड बाद सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए चालक ने अपने पास रखा चिट्टा निगल लिया। पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच के दौरान कार से 9.02 ग्राम हेरोइन, खंजर, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, मोबाइल फोन और नशा पैकिंग व सेवन में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ है। मामले में तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल-एक्स टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा की ओर से एक कार में चिट्टे की खेप लेकर कुछ लोग बारोटीवाला की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही बरोटीवाला टोल बैरियर पर नाकाबंदी की गई। हरियाणा नंबर की कार (HR-05AH-9078) पहुंची तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय बैरियर तोड़ दिया और पुलिस कर्मियों को टक्कर मारने का प्रयास करते हुए तेज रफ्तार से भाग निकला।
भागने के दौरान कार करीब 15-20 मीटर आगे सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चालक विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की निवासी गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़ की हालत बिगड़ चुकी थी। पुलिस का दावा है कि उसने कार्रवाई से बचने के लिए अपने पास मौजूद चिट्टा निगल लिया था। उसे तत्काल पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कार में सवार विक्रम सिंह निवासी बरोटीवाला, गौरव कुमार और आशीष मेहता निवासी बग्गूवाला को मौके से हिरासत में लिया गया। एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर कार से 9.02 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), एल्यूमिनियम फॉयल में लिपटी चिट्टे की चार पुड़ियां, 20 रुपये का अधजला नोट, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने वाली मशीन, एक खंजर, दो वीवो स्मार्टफोन, दो कीपैड फोन, एक मिनी मोबाइल और एल्युमिनियम फॉयल बरामद की।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस ने बरोटीवाला थाने में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
ये भी पढ़ें : 22.99 ग्राम चिट्टे के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, बद्दी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में की बड़ी कार्रवाई
ये भी पढ़ें : सोलन में आल्टो कार से 17.41 ग्राम चिट्टा और ₹5,600 नकदी बरामद, युवती समेत तीन गिरफ्तार, कार भी जब्त