Home Weather आज से बदलेगा हिमाचल का मौसम! आंधी-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट; 20 मार्च...

आज से बदलेगा हिमाचल का मौसम! आंधी-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट; 20 मार्च तक बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र ने कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के छह जिलों में बारिश का यलो अलर्ट दिया गया है।

0

शिमला : हिमाचल प्रदेश में रविवार से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिसके चलते प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में भारी बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के छह जिलों में बारिश का यलो अलर्ट दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 15 से 20 मार्च तक प्रदेश में बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सोलन में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही शिमला, मंडी, कुल्लू, सोलन और चंबा के कई स्थानों पर ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को भी प्रदेश में मौसम के मिजाज बदले नजर आए। सुबह से आसमान में काले बादल छाए रहे और बादलों के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

ये भी पढ़ें:  6.70 करोड़ से बनेगी डडुआ-नाड़ी संपर्क सड़क, विस उपाध्यक्ष ने किया शिलान्यास

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर शहरों के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी कमी दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र का अनुमान है कि यदि आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी होती है तो तापमान में और गिरावट आएगी। खासकर पहाड़ी इलाकों में लोगों को फिर से ठंड का सामना करना पड़ सकता है। फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है, ऐसे में मौसम बदलने से गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 16 मार्च को भी पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा और कई स्थानों पर हल्की बारिश तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है। 17 मार्च को यह सिस्टम कुछ कमजोर पड़ने की संभावना है, लेकिन 18 और 19 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ फिर से सक्रिय हो सकता है। इन दो दिनों के दौरान भी प्रदेश में अच्छी बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 5.34 करोड़ से बनेगा प्रदेश का पहला राज्यस्तरीय नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, पहली किस्त जारी

प्रदेश में विंटर सीजन के दौरान कम बारिश होने के कारण तापमान में तेजी से उछाल आया है। इससे फलदार पौधों की फ्लॉवरिंग प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। कई बगीचों में पेड़ों पर पत्तियां अधिक और फूल कम आने की स्थिति बनी हुई है, जबकि कई स्थानों पर फूल पीले होकर झड़ने लगे हैं। ऐसे में यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो फसल को बड़ा नुकसान हो सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 15 से 20 मार्च तक मौसम खराब बना रहने और कई स्थानों पर बारिश, तूफान और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

ये भी पढ़ें:  स्टेट अलाइड एंड हेल्थ केयर काउंसिल की वेबसाइट का सीएम ने किया शुभारंभ