सोलन : डीसी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सोलन मनमोहन शर्मा ने कहा कि जिला में आज व्यापक स्तर पर हुई बर्फबारी और वर्षा के दृष्टिगत प्रशासन ने सभी एहतियाती उपाय सुनिश्चित बनाए हैं। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदारों और अन्य अधिकारियों को विषम परिस्थितियों के अनुरुप त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जिला के चायल, सोलन उपमंडल के खनोग, कसौली, बड़ोग और करोल का टिब्बा सहित ऊंचाई वाले कुछ अन्य क्षेत्रों पर बर्फबारी की सूचना है। उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं जारी रखने के लिए विभाग क्रियाशील हैं। पेयजल और विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के साथ-साथ खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग को 24X7 तैयारी के निर्देश दिए गए हैं।
मनमोहन शर्मा ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि मौसम की स्थिति के अनुकूल ही यात्रा करें और मार्ग में सभी निर्देशों का पालन करें। शुक्रवार को हुई बर्फबारी में सोलन तहसील के गौल गांव में पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण 15 वर्षीय लड़की हिमानी पुत्री दुनी चंद की दुःखद मृत्यु का समाचार है। पीड़ित परिवार को तत्कालिक राहत राशि के रूप में 25 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई है। कसौली तहसील में पेड़ गिरने के कारण कुछ वाहनों का नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा कि बर्फबारी के कारण चायल मार्ग यातायात के लिए बाधित है। विद्युत बोर्ड के 1856 डी.टी.आर. बाधित होने के कारण कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित हुई है। लोक निर्माण विभाग तथा विद्युत बोर्ड द्वारा सड़क बहाली एवं विद्युत आपूर्ति को शीघ्र सुचारू बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मनमोहन शर्मा ने कहा कि जिला में सभी स्थानों पर आवश्यक वस्तुओं का समुचित भण्डारण उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि यह वर्षा एवं बर्फबारी किसानों एवं बागवानों के लिए समुचित रूप से लाभदायक सिद्ध होगी।



