HomeAccidentसिरमौर में दर्दनाक हादसा : घर में भड़की भीषण आग की चपेट...

सिरमौर में दर्दनाक हादसा : घर में भड़की भीषण आग की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

हरीराम के कच्चे घर में सोमवार शाम जिस वक्त आग भड़की, उस दौरान वह घर के भीतर ही थे। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

संगड़ाह : जिला सिरमौर के उपमंडल संगड़ाह में एक घर में भड़की भीषण आग की चपेट में आने 65 साल के एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है। घटना नौहराधार तहसील की चौकर पंचायत के बांदल गांव की है। मृतक की पहचान 65 वर्षीय हरीराम पुत्र मनसाराम के तौर पर हुई है।

हालांकि, आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। हरीराम के कच्चे घर में सोमवार शाम जिस वक्त आग भड़की, उस दौरान वह घर के भीतर ही थे। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही अन्य ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के प्रयास किए, लेकिन तब तक हरीराम बुरी तरह झुलस चुके थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ज्यादा झुलसने के कारण उनका शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नाहन रेफर किया गया।

ये भी पढ़ें:  जामली को सोलंकी ने दी 70 लाख रुपये की सौगातें, शिक्षा, खेल और विरासत संरक्षण पर फोकस

ग्राम पंचायत चौकर के प्रधान शशि भूषण ने बताया कि हरीराम गांव से कुछ दूरी पर अकेले ही घर में रहते थे। उधर, तहसीलदार नौहराधार विनोद कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को 25,000 रुपए की फौरी राहत जारी की गई है और औपचारिकताएं पूरी होने पर नियमानुसार मुआवजा जारी किया जाएगा।

बता दें कि उपमंडल संगड़ाह में पहले भी आग लगने की ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन आग पर काबू पाने के लिए उपमंडल में कोई फायर स्टेशन या चौकी नहीं है। वहीं, दुर्गम क्षेत्र होने के कारण आग पर काबू पाना भी किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

ये भी पढ़ें:  पहाड़ों पर मानवता की मिसाल : जान जोखिम में डाल बीमार गाय पीठ पर उठा पहुंचाया अस्पताल

एसएचओ संगड़ाह प्रीतम सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More