HomeAdministrationयुवा आईएएस अधिकारी सचिन शर्मा ने संभाला अतिरिक्त उपायुक्त शिमला का कार्यभार

युवा आईएएस अधिकारी सचिन शर्मा ने संभाला अतिरिक्त उपायुक्त शिमला का कार्यभार

हरियाणा के झज्जर जिला से संबंध रखने वाले सचिन शर्मा 2022 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इन्होंने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी। इस परीक्षा में उन्होंने 233वां रैंक हासिल किया था।

शिमला : भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी सचिन शर्मा ने गुरुवार को अतिरिक्त उपायुक्त शिमला के पद का कार्यभार संभाल लिया है। इससे पूर्व सचिन शर्मा एसडीएम अंब के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। सचिन शर्मा ने कार्यभार संभालने के बाद जानकारी देते हुए कहा कि उनकी प्राथमिकता सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है, ताकि कोई भी योग्य और पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

इसके साथ ही आमजन की शिकायतों का त्वरित निपटारा भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। उन्होंने कहा कि 21 और 22 जनवरी को एंटी चिट्टा अभियान को लेकर आयोजित की जा रही ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता को सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जाएगा। जिला शिमला को चिट्टा मुक्त बनाने के लिए सभी पंचायतों में प्रभावी तरीके से कार्य किया जाएगा। प्रदेश सरकार के चिट्टा मुक्त संकल्प को पूर्ण करने के लिए हर संभव प्रयास उठाए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  VIDEO सिरमौर में जगह जगह मॉक ड्रिल : आपदा की स्थिति में तैयारी और तत्परता से कम होगी जानमाल की हानि

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आत्मनिर्भर हिमाचल के संकल्प को लेकर कार्यरत हैं। इसी दिशा में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई योजनाएं प्रदेश सरकार ने लागू की हैं। इन योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए कार्य किया जाएगा। ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ महिलाएं मानी जाती हैं। ऐसे में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को घरद्वार पर रोजगार के अवसर मुहैया करवाना और उन्हें उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने के लिए नए-नए नवाचारों को भी लागू किया जाएगा।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सभी पंचायतों में विकास कार्यों की समय-समय पर समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही विशेष रणनीति बनाई जाएगी और लंबे समय से चल रहे विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के लिए भी प्रभावी तरीके से कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों और फील्ड स्टाफ से अपील की कि लंबित कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने की दिशा में कार्य करें।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के धारटीधार की मैत्रेयी भारद्वाज ने रचा इतिहास, HPAS परीक्षा में हासिल किया तहसीलदार का पद, क्षेत्र की पहली बेटी!

हरियाणा के झज्जर जिला से संबंध रखने वाले सचिन शर्मा 2022 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। इन्होंने पहले ही प्रयास में संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी। इस परीक्षा में उन्होंने 233वां रैंक हासिल किया था। इनकी पढ़ाई गुरुग्राम के सेक्टर-14 स्थित स्कूल से 12वीं तक हुई है। इसके बाद उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स में बीटेक किया। बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सचिन शर्मा ने एक निजी कंपनी में कुछ साल नौकरी भी की। इसी दौरान उन्होंने यूपीएससी की तैयारी का फैसला लिया।

उनके पिता सुनील दत्त हरियाणा पुलिस से सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर हैं। सचिन पांच भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। उनके सबसे बड़े भाई विपिन शर्मा हैं और बहनों के नाम वंदना, मनीषा और वर्षा हैं। सचिन शर्मा की धर्मपत्नी डॉ. आस्था शर्मा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एवलॉज में लॉ विभाग में सहायक आचार्य के पद पर सेवारत हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में नशीली दवाओं सहित हजारों रुपये की नगदी के साथ एक गिरफ्तार
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More