पांवटा साहिब : जिला सिरमौर की पंचायत कोटड़ी व्यास के होनहार खिलाड़ी आर्यन, अंकित और लक्ष्य का चयन 10वीं सब जूनियर नेशनल रग्बी चैंपियनशिप के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 20 से 22 जनवरी तक ओडिशा के भुवनेश्वर स्थित कलिंगा इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित की जा रही है, जिसका आयोजन इंडियन रग्बी फुटबॉल फेडरेशन और ओडिशा रग्बी एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है।

इन खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया, जिसके आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। उनके चयन से न केवल पंचायत कोटड़ी व्यास बल्कि पूरे जिला सिरमौर में खुशी और उत्साह का माहौल है।
चयनित खिलाड़ियों में आर्यन पुत्र राजकुमार (उप कोटड़ी), अंकित पुत्र मुकेश और लक्ष्य पुत्र मान सिंह व्यास शामिल हैं। खिलाड़ियों के माता-पिता ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए इसे मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताया।
पंचायत प्रधान सुरेश कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कोटड़ी व्यास क्षेत्र तेजी से एक उभरते हुए खेल केंद्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में यहां से और भी खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर बीडीसी सदस्य शशि बाला, प्रिंसिपल रघुबीर तोमर, शिक्षाविद सेवानिवृत्त प्रिंसिपल अजय शर्मा, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामवासियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। सभी ने कोच और शारीरिक शिक्षक धर्मेंद्र चौधरी की भूमिका की भी सराहना करते हुए उन्हें विशेष बधाई दी।
ग्रामीणों ने कहा कि आर्यन, अंकित और लक्ष्य की यह सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि पूरे गांव को उन पर गर्व है।


