मंडी : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की एनडीए एंड एनए (II) और सीडीएस (II), 2026 परीक्षा 13 सितंबर, रविवार को जिला मुख्यालय मंडी के सात परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 1810 अभ्यर्थी भाग लेंगे। अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने सभी अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है।
सीडीएस (II) 2026 की परीक्षा वल्लभ डिग्री कॉलेज मंडी के उपकेंद्र-001 और उपकेंद्र-002 में होगी। वहीं एनडीए एंड एनए (II) 2026 की परीक्षा पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समखेतर, राजकीय आईटीआई मंडी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्कूल बाजार, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंगरोटू और पीएमश्री राजकीय उच्चतर माध्यमिक पाठशाला कनैड में आयोजित की जाएगी।
सीडीएस (II) परीक्षा तीन सत्रों में होगी। पहला सत्र सुबह 9 से 11 बजे, दूसरा दोपहर 12:30 से 2:30 बजे और तीसरा शाम 4 से 6 बजे तक होगा। एनडीए एंड एनए (II) परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10 से 12:30 बजे और दूसरा दोपहर 2 से 4:30 बजे तक चलेगा।
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अपना ई-एडमिट कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। बिना ई-एडमिट कार्ड के किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
परीक्षार्थी अपने साथ पेन, वैध फोटो पहचान पत्र जैसे वोटर आईडी, आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस, पारदर्शी पानी की बोतल और साधारण एनालॉग कलाई घड़ी ला सकते हैं। स्मार्ट वॉच अथवा किसी अन्य प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक घड़ी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
