HomeAccidentशिलाई में ढांक से गिरकर उत्तरप्रदेश के युवक की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों...

शिलाई में ढांक से गिरकर उत्तरप्रदेश के युवक की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने रस्सियों के सहारे निकाला शव

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पहुंचे, जहां जोखिम भरे हालात में रात के समय रस्सियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।

शिलाई : जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में उत्तरप्रदेश के एक युवक की ढांक में गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जहां जोखिम भरे हालात में रात के समय रस्सियों की मदद से शव को बाहर निकाला गया।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान शिव कुमार (35) पुत्र कप्तान सिंह निवासी गांव रमपुरा (छबारापुर), तहसील और जिला इटावा (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल पर अंधेरा और ढांक अधिक गहरी होने के कारण नीचे उतरना बेहद जोखिम भरा था। ऐसे कठिन हालात में सभी ने असाधारण हिम्मत का परिचय दिया। मोबाइल की रोशनी और रस्सियों की मदद से गहरी ढांक में उतरकर शव को बाहर निकाला गया।

ये भी पढ़ें:  उच्च शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. जगदीश को मिलेगा 'हिमाचल प्रदेश राज्य पुरस्कार 2025'

मृतक के साथी और भतीजे प्रमोद कुमार ने बताया कि वे दोनों तीन दिन पहले शिलाई आए थे। गत बुधवार शाम करीब सात बजे उन्हें सूचना मिली कि शिव कुमार ढांक में गिर गया है। उन्होंने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से शिलाई क्षेत्र में इत्र बेचने आते रहे हैं और यहां के लोगों से उनकी अच्छी जान-पहचान है। घटना के समय शिव कुमार शिलाई में इत्र बेचने गया था।

स्थानीय लोगों के अनुसार लघुशंका के दौरान पैर फिसलने से शिव कुमार गहरी ढांक में गिर गया। शिलाई अस्पताल के डॉ. विवेक शर्मा ने बताया कि मृतक के परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। उधर, शिलाई पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुटी है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर : सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य संस्थानों का एबीडीएम के तहत पंजीकरण अनिवार्य
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More