चंबा : जिला चंबा में सरकारी समर्थन मूल्य पर प्राकृतिक विधि से उत्पादित मक्की की खरीद जारी है। अबतक जिला के विभिन्न विकास खंडों के 112 किसानों से 337.24 क्विंटल मक्की खरीदी जा चुकी है, जिसमें 301.195 क्विंटल लाल मक्की और 36.045 क्विंटल सफेद मक्की शामिल है।
प्रदेश सरकार द्वारा इसके लिए किसानों को 5 हजार रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान किया जाएगा। जिला में चंबा तीसा, सलूनी, भरमौर, चुवाड़ी और बनीखेत में प्राकृतिक मक्की की सरकारी खरीद की जा रही है।
अबतक खरीदी गई मक्की की कुल पैदावार में विकास खंड चंबा के 38 किसानों से 51.11 क्विंटल, तीसा के 24 किसानों से 161.69 क्विंटल, सलूनी के 19 किसानों से 60.67 क्विंटल, भरमौर के 6 किसानों से 20.85 क्विंटल और भटियात के 25 किसानों से 42.92 क्विंटल प्राकृतिक मक्की की पैदावार खरीदी गई है।
विकास खंड भटियात के अंतर्गत चुवाड़ी तथा बनीखेत में दो खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि अन्य विकास खंडों में केवल विकास खंड मुख्यालय स्तर पर एक ही खरीद केंद्र स्थापित किया गया।
अबतक विकास खंड तीसा में सर्वाधिक 161.69 क्विंटल मक्की की खरीद की गई है, जबकि विकास खंड भरमौर में सफेद मक्की की सर्वाधिक 20.85 क्विंटल सरकारी खरीद की गई है।
जिला चंबा के आत्मा परियोजना निदेशक नितिन शर्मा ने बताया कि जिला के विभिन्न खरीद केंद्रों में मक्की की पैदावार 30 नवंबर 2026 तक खरीदी जाएगी। नितिन शर्मा ने बताया कि इस वर्ष मक्की का समर्थन मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम किया गया है।
जिला के जनजातीय उप मंडल पांगी के जौ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 80, गेहूं का समर्थन मूल्य 80, अदरक का 40 तथा कच्ची हल्दी का 150 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा केवल पारंपरिक बीजों से उत्पादित मक्की की खरीद की जा रही है।
- ये भी पढ़ें : गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में डॉ. राजीव बिंदल ने माथा टेक लिया आशीर्वाद
- ये भी पढ़ें : माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का मौका, 26 और 27 को होंगे ऑडिशन





