हिमाचल में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी के साथ बारिश, शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी, शीतलहर का प्रकोप

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। बीती रात से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि माध्यम और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। कुछ स्थानों पर तेज आंधी व तूफान चलने की सूचना है। मौसम में आए इस बदलाव से पूरा प्रदेश कड़ाके की शीतलहर की चपेट में आ गया है।

0

शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली है। बीती रात से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश हो रही है, जबकि मध्यम और अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। कुछ स्थानों पर तेज आंधी व तूफान चलने की सूचना है। मौसम में आए इस बदलाव से पूरा प्रदेश कड़ाके की शीतलहर की चपेट में आ गया है।

राजधानी शिमला में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात हो रहा है, जबकि निचले इलाकों और आसपास के क्षेत्रों में लगातार वर्षा जारी है। जाखू, संजौली, ढली, कुफरी, मशोबरा, फागू, चायल और नारकंडा जैसे इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। वहीं लाहौल स्पीति में भी रात से ही बर्फबारी हो रही है। शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे अचानक तेज हवाएं चलीं। साथ ही बारिश शुरू हुई। प्रदेशभर में मौसम खराब बना हुआ है। इसके चलते कई जगह बिजली गुल है। ठंड बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को भारी ठिठुरन का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें:  6ठी IRBN धौलाकुआं ने स्कूलों में चलाए नशा मुक्ति जागरूकता अभियान

इस बारिश और बर्फबारी से किसानों और बागवानों को राहत मिली है। प्रदेश में पिछले तीन महीने से अधिक समय से किसान और बागवान बारिश का इंतजार कर रहे थे। हालांकि, अभी अच्छी बारिश की जरूरत है। सूबे के कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज हुई है।

बता दें कि मौसम विभाग ने 23 जनवरी के लिए प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, गैरजरूरी यात्रा टालने और बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों की ओर न जाने की एडवाइजरी जारी की है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर की वैशाली शर्मा बनेगी डॉक्टर, बड़ी बहन पहले ही कर रही MBBS की पढ़ाई