हरियाणा से हिमाचल में घुसे वन माफिया पर वन विभाग का शिकंजा, एक धरा, खैर की लकड़ी समेत टेंपो और बाइक जब्त

आरोप है कि मौके पर 12 हरे खैर के पेड़ काटे गए हैं, जिनकी कीमत हजारों रुपये आंकी गई है। इस गिरोह में कुल 6 माफिया शामिल थे, जिनका मुखिया पल्होड़ी का बताया गया है। वहीं टेंपो चालक हरियाणा के नगली गांव का निवासी बताया गया है।

0

कालाअंब : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के सकेती इलाके में खैर के जंगल में हरियाणा से घुसे वन माफिया के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके पर दबोच लिया। विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। सूचना के अनुसार माफिया सकेती के खैर जंगल में रात के समय हरियाणा के रास्ते घुसे थे। कार्रवाई के दौरान सुबह सवेरे करीब 4 बजे विभाग की टीम ने सकेती गांव के समीप नाकेबंदी की। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर धरा, जबकि 4 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

पकड़े गए आरोपी की पहचान पल्होड़ी गांव निवासी आबिद के रूप में हुई है। आरोप है कि वन माफिया ने जंगल से 12 हरे खैर के पेड़ काटे, जिनकी कीमत हजारों रुपये आंकी गई है। बताया गया कि इस गिरोह में कुल 6 माफिया शामिल थे, जिनका मुखिया पल्होड़ी बताया गया है। वहीं टेंपो चालक हरियाणा के नगली गांव का निवासी बताया गया है। 6 आरोपियों में 4 हरियाणा के हैं, जबकि 2 हिमाचल से हैं।

ये भी पढ़ें:  फर्स्ट थाईलैंड किक बाॅक्सिंग वर्ल्ड कप में छाईं हिमाचल की ये दो बेटियां, जीते सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल, डीसी बोले शाबाश

जानकारी मिली है कि जहां खैर के पेड़ों को काटा गया, वह भूमि निजी है, जिसकी किस्म जंगल झाड़ी है। इससे पहले भी इसी जमीन से माफिया द्वारा खैर के पेड़ काटे जा चुके हैं, जिसकी सूचना भूमि मालिक ने पुलिस को दी थी। भूमि मालिक यहां नहीं रह रहा है। इसी वजह से माफिया अंधेरे का फायदा उठाकर अवैध कटान को अंजाम देकर बेशकीमती लकड़ी की तस्करी कर रहे हैं।

इस कार्रवाई के दौरान टीम में बीओ इंतजार अली, बीओ राजेश, नाहन रेंज के फॉरेस्ट गार्ड गौरव मोहन, त्रिलोकपुर रेंज के फॉरेस्ट गार्ड नायब सिंह, सुनील कुमार, बलजीत , केवल कृष्ण और वन मित्र शामिल रहे। मौके पर डीएफओ प्रोबेशनल भी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

ये भी पढ़ें:  मंदिर न्यासों में खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द होगी शुरू, DC ने दिए ये निर्देश

उधर, डीएफओ नाहन अवनी भूषण राय ने बताया कि मामले में नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जा रही है और वन माफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। इसकी सूचना पुलिस को भी दे दी है।