100 करोड़ से होगी ट्यूबवेल्स की रिमॉडलिंग, पंडोगा में 10 करोड़ से बनेगी रोप-वे परियोजना

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बढ़ेड़ा में नवनिर्मित पंचायत सामुदायिक केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए कुल 1.14 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई थी

0

ऊना : उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बढ़ेड़ा में नवनिर्मित पंचायत सामुदायिक केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। इस सामुदायिक केंद्र के निर्माण के लिए कुल 1.14 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाई गई थी, जिसमें प्रथम चरण में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है, जबकि दूसरे तल का निर्माण कार्य दूसरे चरण में किया जाएगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायत स्तर पर सुदृढ़ अधोसंरचना ही ग्रामीण विकास की वास्तविक रीढ़ होती है। उन्होंने पंचायत में आपसी एकजुटता से हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सामूहिक सहभागिता से ही क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र में बेहतर जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अब तक लगभग 300 ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं। इन ट्यूबवेल्स की रिमॉडलिंग पर करीब 100 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी। इसके अतिरिक्त 135 करोड़ रुपये की लागत से विभोर साहिब जल योजना की रिमॉडलिंग भी की जाएगी, जिससे क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

अग्निहोत्री ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पंडोगा क्षेत्र में वनखंडी के समीप रेस्ट हाउस के पास लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से रोप-वे परियोजना शुरू की जाएगी। यह रोप-वे होशियारपुर सीमा से पंडोगा तक बनाया जाएगा, जिसके लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र आरंभ की जाएगी। उन्होंने बताया कि पंडोगा औद्योगिक क्षेत्र में 10 करोड़ रुपये की लागत से एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित किया जाएगा, जिसे पंडोगा स्थित कम्युनिटी सेंटर भवन में शुरू किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बाथू में 18 करोड़ रुपये की लागत से टूल रूम का निर्माण किया जाएगा। वहीं टाहलीवाल क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर 4 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  चूरापोस्त, चरस और चिट्टे के साथ 3 गिरफ्तार, बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पालकवाह स्थित स्किल डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट भवन में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) का कार्यालय अगले 15 दिनों में स्थापित कर दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और आपदा प्रबंधन व्यवस्था भी अधिक सशक्त होगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में 5 करोड़ रुपये की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। हर मोड़, गली और चौराहे पर कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिससे हरोली देश का पहला ऐसा विधानसभा क्षेत्र बनेगा जो पूरी तरह सीसीटीवी निगरानी से लैस होगा। इससे अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा और सुरक्षित व विकसित हरोली का लक्ष्य साकार होगा। उन्होंने बताया कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में 132 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न पुलों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखंड में गहरी खाई में गिरी HRTC की बस, 3 की मौत, कई घायल

रोड़ा क्षेत्र बन रहा विकास की नई डेस्टिनेशन
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रोड़ा क्षेत्र तेजी से विकास की नई डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है। यहां ट्रैफिक पार्क, 5 करोड़ रुपये की लागत से ऑटोमेटिक टेस्टिंग सेंटर, 13.50 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट तथा 10 करोड़ रुपये की लागत से रनिंग ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी परियोजनाएं पूर्ण होने पर रोड़ा क्षेत्र अपने आप में एक आधुनिक और विकसित सिटी के रूप में पहचान बनाएगा। उन्होंने बताया कि पोलियां में 50 लाख लीटर तथा दुलैहड़ में 25 लाख लीटर क्षमता के जल भंडारण टैंक तैयार किए जा चुके हैं, जबकि अमराली में 25 मीटर ऊंचाई पर 25 लाख लीटर क्षमता का टैंक निर्माणाधीन है।

इसके अतिरिक्त 75 करोड़ रुपये की लागत से ‘बीत एरिया फेज-2’ उठाऊ पेयजल योजना पर कार्य प्रगति पर है। इस योजना के तहत स्वां नदी से पानी उठाकर बीत एवं पालकवाह क्षेत्र के 28 गांवों की लगभग 50 हजार कनाल भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से हरोली को वर्ष 2027 तक शत-प्रतिशत पेयजल व सिंचाई सुविधा से संपन्न करने की दिशा में ठोस प्रगति हुई है।

ये भी पढ़ें:  मेडिकल कॉलेज की छात्रा मीनाक्षी ने पेश की ईमानदारी की मिसाल, सड़क पर मिले 34 हजार रुपये लौटाए

कार्यक्रम में हिमकैप्स के अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणजीत राणा, राजेश पराशर, अशोक ठाकुर, विनोद बिट्टू, संदीप अग्निहोत्री, कप्तान शक्तिचंद, बढ़ेड़ा पंचायत प्रधान नीलम कुमारी, हरोली की प्रधान रमन कुमारी, दुलैहड़ के प्रधान नंदलाल, धर्मपुर की प्रधान सुभद्रा चौधरी, बाथू की प्रधान सुरेखा राणा, छेत्रा के प्रधान विकास राणा, प्रमोद कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं अधिकारी उपस्थित रहे।