HomeCrimeडेढ़ महीने बाद पुलिस के हाथ लगा ये ‘सीरियल चोर’, 12 मामलों...

डेढ़ महीने बाद पुलिस के हाथ लगा ये ‘सीरियल चोर’, 12 मामलों का निकला आरोपी

जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी करने का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के थानों में कुल 12 मामले दर्ज पाए गए हैं।

सोलन : घर के सूना होने का फायदा उठाकर सोने और चांदी के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। करीब डेढ़ महीने पहले हुई इस वारदात में चुराए गए जेवरातों की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार धर्मपुर निवासी करण कुमार ने 6 फरवरी 2026 को शिकायत दर्ज करवाई थी कि 5 फरवरी को वह अपनी ड्यूटी पर थे और उनके परिवार के सदस्य सत्संग में गए थे। जब परिवार के सदस्य घर लौटे तो उन्होंने देखा कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ था और मुख्य दरवाजे का ताला भी गायब था। घर के अंदर जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा हुआ मिला और उसमें रखे सोने और चांदी के जेवरात गायब पाए गए। शिकायत में बताया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने दिन के समय इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।

ये भी पढ़ें:  बलोह और मोड़ा टोल प्लाजा पर अब फोरलेन के सुचारू हिस्से के आधार पर होगी टोल वसूली

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और चोरी हुए जेवरातों व आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को पुलिस थाना ठियोग से सूचना मिली कि एक व्यक्ति को निवारक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है और पूछताछ में यह सामने आया कि वह पहले भी कई आपराधिक गतिविधियों और चोरी की वारदातों में संलिप्त रहा है।

एसपी सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने बताया कि इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी से गहन पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 4 फरवरी को धर्मपुर क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद मामले में संलिप्त आरोपी मोहमद शरीफ (55) निवासी गांव कोटी चडीयार, डाकघर सुरजन चिलोग, तहसील बनी, जिला कठुआ (जम्मू-कश्मीर) को 12 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 13 मार्च को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  बख्शे नहीं जाएंगे नशा कारोबारी, जाल बिछाने वाले ऐसे लोग सर्विलांस पर : सोलंकी

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी करने का आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों के थानों में कुल 12 मामले दर्ज पाए गए हैं। इनमें सोलन, अर्की, चुवाड़ी, हमीरपुर, सुजानपुर, सुंदरनगर, मंडी सदर, सरकाघाट और ठियोग के थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।

ये भी पढ़ें:  रेलवे लाइन निर्माण कार्य का DC ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने के निर्देश
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More