Home Himachal वर्ल्ड यूथ पार्लियामेंट 2026 में हिमाचल की अदिति चुनीं ‘बेस्ट स्पीकर’, अंतरराष्ट्रीय...

वर्ल्ड यूथ पार्लियामेंट 2026 में हिमाचल की अदिति चुनीं ‘बेस्ट स्पीकर’, अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया प्रदेश का मान

यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें 30 देशों और भारत के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया।

0

शिमला : कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय बंगलुरू (कर्नाटक) में 24 से 26 मार्च 2026 तक आयोजित वर्ल्ड यूथ पार्लियामेंट 2026 में हिमाचल प्रदेश की प्रतिभागी अदिति (राजकीय महाविद्यालय चंबा) ने “हेल्थ एंड वैलनेस” विषय पर उत्कृष्ट प्रस्तुति देते हुए ‘बेस्ट स्पीकर’ का प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से न केवल हिमाचल प्रदेश, बल्कि पूरे देश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित हुआ है।

यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय आयोजन मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें 30 देशों और भारत के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रत्येक राज्य से 6 प्रतिभागियों (3 पुरुष एवं 3 महिला) का चयन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान पांच प्रमुख विषयों हेल्थ एंड वैलनेस, यूथ इन डेमोक्रेसी, पीस एंड सिक्योरिटी, साइबर क्राइम एंड एग्रिकल्चर एंड सस्टेनेबिलिटी पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान आयोजित किए गए। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सदन की कार्यवाही में प्रतिभागियों ने अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।

ये भी पढ़ें:  गुजरात में राष्ट्रीय एकता शिविर में हिस्सा लेंगे नाहन और श्री रेणुकाजी कालेज के ये दो स्वयंसेवी

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों से चयनित छह एनएसएस स्वयंसेवियों दीपक शर्मा (नाहन), अदिति (चंबा), अंजली (कुल्लू), चंद्रिका (घुमारवीं), जितेंद्र (हमीरपुर) और सुशांत (सरस्वती नगर) ने इस आयोजन में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। हिमाचल प्रदेश टीम का नेतृत्व जिला समन्वयक सिरमौर एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज चांडक ने किया। उनके मार्गदर्शन एवं कुशल नेतृत्व में टीम के सभी स्वयंसेवियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रतिभागियों को संवाद कौशल, विषय की गहन समझ, अद्यतन तथ्यों की जानकारी, आत्मविश्वास, अभिव्यक्ति की स्पष्टता और मौलिक विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रेरित एवं प्रशिक्षित किया।

इस अवसर पर कर्नाटक सरकार के प्रधान सचिव नवीन सिंह, युवा कार्यक्रम एवं खेल विभाग के आयुक्त आर चेतन कुलपति डॉ. सुरेशा और राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. प्रताप द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र मंच पर डॉ. पंकज चांडक की उपस्थिति में विजेता प्रतिभागी अदिति को प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय निदेशालय चंडीगढ़ के जय भगवान, कुलपति डॉ. महावीर सिंह, राज्य एनएसएस नोडल अधिकारी डॉ. सरोज भारद्वाज, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. विनय शर्मा एवं सेक्शन ऑफिसर मोतीलाल, नाहन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ विभव कुमार शुक्ला, चंबा महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर अविनाश पाल एवं प्राचार्य डॉ राकेश राठौड़, घुमारवीं महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर रमेश चंद एवं प्राचार्य डॉ. प्रीतमलाल, कुल्लू महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी डॉ खेम ठाकुर, सरस्वती नगर महाविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार एवं प्राचार्य डॉ. पूनम मेहता, हमीरपुर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सोनी ने टीम हिमाचल प्रदेश को बधाई दी।

ये भी पढ़ें:  बद्दी पुलिस के इन जांबाजों को बड़ा सम्मान, 3 को DGP डिस्क अवॉर्ड और 1 को साइबर इंवेस्टिगेटर बैज से नवाजा

कार्यक्रम के समापन के उपरांत प्रतिभागियों को बेंगलुरु के विभिन्न सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्होंने आदियोगी मंदिर की भव्यता का अवलोकन किया तथा कर्नाटक के पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से हिमाचल प्रदेश एवं क्षेत्रीय निदेशालय चंडीगढ़ का नाम वैश्विक मंच पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है। यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है और भविष्य में ऐसे आयोजनों में भागीदारी के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

ये भी पढ़ें:  जम्मू डुएथलॉन में पांवटा साहिब का डंका: इन 3 साइकिलिस्ट ने जीते मेडल, सिरमौर का बढ़ाया गौरव