बीबीएन : बद्दी पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना बद्दी के अंतर्गत जुड़ी खुर्द क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में किराये के कमरे में छापा मारकर यह बरामदगी की गई।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि वार्ड नंबर 5, जुड़ी खुर्द स्थित एक किराये के कमरे में रेड के दौरान तलाशी ली गई, जहां से कुल 3 किलो 940 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस दौरान दो व्यक्तियों को मौके पर ही काबू किया गया।
आरोपियों की पहचान विशाल कुमार (22) पुत्र श्योराज सिंह निवासी जिला संभल (उत्तरप्रदेश) और पीयूष कुमार (26) पुत्र रमेश चंद निवासी (उत्तरप्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना बद्दी में ND&PS Act के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
वहीं, दूसरी ओर बद्दी पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया है। विशेष अभियान के तहत खतरनाक और लापरवाही से वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर कार्रवाई करते हुए मोटर वाहन अधिनियम के तहत 367 चालान किए गए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
