शिमला : हिमाचल प्रदेश में अप्रैल माह के अंतिम दिनों में मौसम के तीखे तेवर डराने लगे हैं। मैदानी और निचले क्षेत्रों में भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में भी गर्मी का असर दिख रहा है।
प्रदेश में ऊना सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसा ही हाल जिला सिरमौर के पांवटा साहिब, कालाअंब आदि क्षेत्रों का भी है। लगातार बढ़ते तापमान के चलते कई जिलों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के कई इलाके लू से बेहाल हैं।
शिमला में 27.4, सुंदरनगर में 36.0, भुंतर में 32.6, धर्मशाला में 33.0, नाहन में 34.3, सोलन में 33.4, कांगड़ा में 36.1 और मंडी में 35.1 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
हालांकि, मौसम विभाग के मुताबिक 27 अप्रैल से हिमाचल के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। 28 से 30 अप्रैल तक प्रदेशभर में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह करवट ले सकता है।
27 अप्रैल को जहां निचले क्षेत्रों में मौसम साफ रह सकता है, वहीं ऊपरी इलाकों में बारिश और बर्फबारी शुरू होगी। 28, 29 और 30 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने के आसार हैं। इसके बाद 1 मई को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश-बर्फबारी की संभावना है, जबकि बाकी क्षेत्रों में मौसम साफ हो सकता है।
