HomeHimachalSirmaurसिरमौर में खड्ड किनारे इस हालत में मिला तेंदुआ, वन विभाग ने...

सिरमौर में खड्ड किनारे इस हालत में मिला तेंदुआ, वन विभाग ने घंटों की मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू

जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के दूरदराज क्षेत्र शिलाता जंगल में सोमवार सुबह लोगों ने गुप्त सहस्त्रधारा के समीप खड्ड में एक घायल तेंदुए को पड़े देखा। तेंदुए की हालत गंभीर होने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी।

पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल के दूरदराज क्षेत्र शिलाता जंगल में सोमवार सुबह लोगों ने गुप्त सहस्त्रधारा के समीप खड्ड में एक घायल तेंदुए को पड़े देखा। तेंदुए की हालत गंभीर होने की सूचना ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद घायल तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह क्षेत्र के कुछ लोग गुप्त सहस्त्रधारा के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खड्ड में पड़े घायल तेंदुए पर पड़ी। तेंदुए की स्थिति देखकर लोगों में दहशत फैल गई, जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग का फील्ड स्टाफ मौके पर पहुंच गया। कुछ ही देर में भगानी रेंज के रेंज फॉरेस्ट अधिकारी सुमंत कुमार और आरआरटी सदस्य सुरेंद्र शर्मा भी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

ये भी पढ़ें:  नाहन : 30 दिसंबर का पावर कट कैंसिल, जानें क्या है वजह

वन विभाग की टीम ने सबसे पहले सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को खाली करवाया और जाल की मदद से तेंदुए को काबू में करने का प्रयास शुरू किया। घायल होने के कारण तेंदुआ काफी आक्रामक हो गया था, जिससे रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण बन गया। स्थिति को देखते हुए वन विभाग की टीम ने बेहद सतर्कता के साथ तेंदुए को ट्रैंकुलाइज किया।

घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। ऐसे में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंघपुरा पुलिस चौकी से पुलिस कर्मी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा। प्राथमिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि देर रात सड़क पार करते समय किसी वाहन की चपेट में आने से तेंदुआ घायल हुआ होगा। हालांकि वन विभाग अब तेंदुए के घायल होने की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुट गया है।

ये भी पढ़ें:  सर्वाइकल कैंसर से बचाव को 29 मार्च, 5 व 12 अप्रैल को होगा विशेष टीकाकरण : डॉ. संजीव वर्मा

सफल रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम घायल तेंदुए को प्राथमिक उपचार के लिए वेटनरी अस्पताल लेकर पहुंची। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए राज्य पशु चिकित्सालय भेजने की तैयारी की जा रही है। वन विभाग के इस सफल अभियान की स्थानीय लोगों ने सराहना की। पूरे अभियान के दौरान टीम ने संयम, सतर्कता और साहस का परिचय दिया।

रेस्क्यू अभियान में भगानी रेंज फॉरेस्ट अधिकारी सुमंत कुमार, आरआरटी सदस्य सुरेंद्र शर्मा, वन खंड अधिकारी वीरेंद्र कुमार, उपवन अधिकारी अनवर, वन रक्षक सचिन, कपिल, रोहित, रतन और दीपिका सहित वन मित्र मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  सोलन में हिंदी प्रवक्ताओं ने किया संवाद, 6 दिन चला क्षमता संवर्धन कार्यक्रम

Latest Articles

Explore More