पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में कोलर गांव के समीप करौंदेवाली घाटी के जंगल में एक महिला की जली लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। अभी महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार शव 95 प्रतिशत तक जला हुआ है, जिसके चलते यह साफ नहीं हो पाया है कि मृतका शादीशुदा थी, युवती या नाबालिग लड़की।
जानकारी के अनुसार पुलिस को किसी व्यक्ति ने जंगल में आग जलने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने सिर्फ इतना अंदाजा लगाया है कि शव महिला का है। फोरेंसिक जांच के बाद ही उम्र और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर और माजरा थाना प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने आसपास के पूरे इलाके को सील कर दिया है। वहीं फोरेंसिक टीम को जुन्गा शिमला से मौके पर बुलाया गया है, जो दोपहर तक घटनास्थल पर पहुंचेगी।
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी बाहरी व्यक्ति ने महिला के शव को यहां लाकर आग लगाई है। हालांकि यह अभी जांच का विषय है कि महिला की हत्या घटनास्थल पर की गई या कहीं और हत्या करने के बाद शव को जंगल में जलाया गया।
वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आसपास के थानों में गुमशुदा महिलाओं की जानकारी खंगाल रही है। साथ ही पुलिस ने अन्य राज्यों की पुलिस को भी सूचना दे दी है। फिलहाल जांच में यही संभावना जताई जा रही है कि किसी दूसरे राज्य के व्यक्ति ने महिला के शव को यहां लाकर जलाया हो सकता है।
