बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण में मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी बीच जिला बिलासपुर से लोकतंत्र के प्रति जागरूकता और उत्साह की अनोखी तस्वीर सामने आई, जहां 113 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जिला बिलासपुर में मंगलवार को पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के पहले चरण के तहत मतदाता सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारों में नजर आए। दोपहर 1 बजे तक जिले में करीब 61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इसी दौरान घुमारवीं विकास खंड की ग्राम पंचायत सेऊ के अंतर्गत बनाए गए पिंक बूथ में 113 वर्षीय मंगलू देवी ने मतदान कर सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। गांव भदरोग निवासी मंगलू देवी अपने परिजनों के साथ मतदान केंद्र पहुंचीं और उत्साहपूर्वक वोट डाला।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त राहुल कुमार ने मंगलू देवी के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में उनकी भागीदारी अन्य मतदाताओं को भी प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि मंगलू देवी युवाओं के लिए भी प्रेरणा स्रोत हैं, जिन्होंने इस उम्र में भी मतदान को अपनी जिम्मेदारी समझकर निभाया।
- ये भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव: चुनावी ड्यूटी से गायब मिला ये कर्मचारी, लापरवाही पर प्रशासन ने थमाया नोटिस
- ये भी पढ़ें : पंचायतीराज चुनाव में बड़ी चूक! यहां बैलेट पेपर से गायब मिला BDC प्रत्याशी का नाम, मतदान रोका, चुनाव स्थगित





