HomeNationalहृदयविदारक हादसा: लाल ढांग के पास मक्के से भरा ट्रक दो बाइकों...

हृदयविदारक हादसा: लाल ढांग के पास मक्के से भरा ट्रक दो बाइकों पर पलटा, पिता और दो मासूम बेटियों समेत 4 की दर्दनाक मौत

जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे पर लालढांग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मक्के से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दो बाइकों पर पलट गया।

यमुनानगर : हरियाणा और हिमाचल की सीमा पर जगाधरी-पांवटा नेशनल हाईवे पर लालढांग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चियों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मक्के से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दो बाइकों पर पलट गया। मृतकों में पिता, उनकी दो मासूम बेटियां और एक रिश्तेदार शामिल हैं, जबकि बच्चों की मां गंभीर रूप से घायल हुई है। जानकारी मिली है कि ये परिवार हिमाचल में श्री रेणुकाजी मंदिर में दर्शन के लिए जा रहा था।

जानकारी के अनुसार चुहड़पुर कलां निवासी राजेंद्र धीमान (45) अपनी पत्नी ऊषा (40), बेटियों सिमरन उर्फ सिम्मी (14) और मिनल उर्फ मिनी (12) के साथ शुक्रवार सुबह पांवटा साहिब की तरफ निकले थे। उनके साथ गांव दौलतपुर निवासी फूल सिंह भी अपनी बाइक पर सवार था। राजेंद्र की दोनों मासूम बच्चियां फूल सिंह की बाइक पर बैठी थीं।

ये भी पढ़ें:  भाजपा समर्थित नाहन नप अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव! संकट में सत्ता

बताया जा रहा है कि कलेसर नेशनल पार्क क्षेत्र में पहाड़ी ढलान से उतरते समय मक्के के बोरों से भरा ट्रक अचानक बेकाबू हो गया। लालढांग के पास तीखे मोड़ पर ट्रक हिचकोले खाते हुए रॉन्ग साइड में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बाइक चालकों ने बचने की कोशिश की, लेकिन सड़क किनारे रेलिंग के पास फंस गए और कुछ ही सेकेंड में ट्रक दोनों बाइकों के ऊपर पलट गया।

हादसे में ऊषा बाइक से दूर जा गिरीं, जिससे उनकी जान बच गई, लेकिन राजेंद्र धीमान, उनकी दोनों बेटियों और फूल सिंह को बचने का मौका नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।

ये भी पढ़ें:  नाहन कॉलेज में भ्रष्टाचार पर प्रहार : भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताओं में अंजलि ने मारी बाजी

ट्रक के नीचे दबे शवों को निकालना बेहद मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों और पुलिस कर्मियों ने पहले ट्रक से मक्के की बोरियां हटाईं, फिर क्रेन की मदद से ट्रक को उठाया गया। इसके बाद शव बाहर निकाले गए। हादसे की भयावहता ऐसी थी कि शव बुरी तरह कुचल चुके थे। मौके का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। उधर, पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया। वहीं, घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 1.614 किलोग्राम चरस के साथ 34 साल का युवक गिरफ्तार
Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More