पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में एक युवक को कथित तौर पर जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने और उसके साथ मारपीट कर वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शमशेर खान निवासी सैनवाला मुबारिकपुर, तहसील पांवटा साहिब ने बताया कि 9 जून को रसीद निवासी सैनवाला, मोंटी निवासी रामपुरघाट और एक अन्य युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि तीनों उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर पुरुवाला ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने मारपीट की वीडियो भी बनाई और उस पर गाना लगाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। आरोप है कि इस दौरान उसकी जेब से 5 हजार रुपये और दो मोबाइल फोन भी ले लिए गए। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस थाना माजरा में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।
