हमीरपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज जिला हमीरपुर के अणु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि भाग लिया।
आयुष विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, युवाओं और बच्चों सहित लगभग दो हजार लोगों के साथ करीब 45 मिनट तक योगाभ्यास किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन और धनवंतरि पूजन के साथ योगाभ्यास सत्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने आईडीवाई यानि इंटरनेशनल डे फॉर योगा से संबंधित एक पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस पुस्तिका में योगासनों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियों का संक्षेप संकलन किया गया है।
कार्यक्रम में आयुष, विधि, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, विधायक सुरेश कुमार और कैप्टन रणजीत सिंह, राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर, ओबीसी वित एवं विकास निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल, ओबीसी आयोग के सदस्य राजीव राणा, एपीएमसी अध्यक्ष अजय शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सुमन भारती, पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुभाष ढटवालिया, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, आयुष विभाग की सचिव शाइनामोल, निदेशक रोहित जमवाल, उपायुक्त गंधर्वा राठौड़, एसपी बलवीर सिंह और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को दी जा रही बेहतरीन सुविधाएंः सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू ने जिला हमीरपुर के अणु स्थित साई के सेंटर आफ एक्सीलेंस के प्रशिक्षुओं एवं युवा खिलाड़ियों तथा अन्य बच्चों के साथ संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को वर्ल्ड क्लास सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृत संकल्प है।
इस क्रम में नादौन में लगभग 125 करोड़ रुपए का अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम बनाया जा रहा है, जिसे इसी वर्ष प्रदेश के खिलाड़ियों को समर्पित कर दिया जाएगा। इसमें तैराकी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल और टेनिस सहित 14 खेलों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
राज्य स्तरीय योग दिवस समारोह एवं योगाभ्यास सत्र में भाग लेने के बाद खिलाड़ियों के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं के पदक विजेताओं के लिए करोड़ों रुपए की पुरस्कार राशि का प्रावधान किया है।
एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेताओं के लिए 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेताओं के लिए 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं के लिए डेढ़ करोड़ रुपए तक के नकद पुरस्कार रखे गए हैं। इसी प्रकार ओलंपिक और अन्य इंटरनेशनल प्रतियोगिताओं में भी सराहनीय प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी करोड़ों रुपए के ईनाम दिए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि साढ़े तीन वर्ष पहले प्रदेश सरकार ने कार्यभार संभालते ही खिलाड़ियों की डाइट मनी में कई गुणा वृद्धि की थी। इन खिलाड़ियों के लिए हवाई यात्रा और रेलवे एसी क्लास में यात्रा का प्रावधान भी किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड की मरम्मत के लिए भी पर्याप्त बजट का प्रावधान किया जा रहा है।
जिला एवं सत्र न्यायधीश और अन्य न्यायिक अधिकारियों ने भी किया योग
हमीरपुर : जिला हमीरपुर के विभिन्न न्यायिक परिसरों में भी रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर योगाभ्यास सत्र आयोजित किए गए। जिला न्यायिक परिसर में आयोजित योगाभ्यास सत्र में जिला एवं सत्र न्यायधीश पंकज शर्मा, अन्य न्यायिक अधिकारियों, जिला न्यायिक परिसर के कर्मचारियों, अधिवक्ताओं और अन्य लोगों ने भाग लिया। उधर, नादौन के न्यायिक परिसर में भी अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अनुज बहल, न्यायिक परिसर के कर्मचारियों और अधिवक्ताओं ने योगासन और प्राणायाम किया।
शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को जीवन का नियमित हिस्सा बनाएं: राहुल कुमार
बिलासपुर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लुहणू खेल मैदान परिसर में जिला आयुष, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उपस्थित लोगों को योग की विभिन्न क्रियाओं का अभ्यास करवाया गया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि योग को जीवन का नियमित हिस्सा बना लेना चाहिए। योग न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सशक्त बनाता है, बल्कि किसी भी कार्य के प्रति उसकी लगन, एकाग्रता और कार्यक्षमता में भी वृद्धि करता है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से जहां बच्चों का समुचित शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित होता है, वहीं युवा पीढ़ी भी नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से स्वयं को दूर रख सकती है।
उन्होंने वर्तमान युवा पीढ़ी को नशे जैसी गंभीर सामाजिक समस्या के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें योग एवं खेल गतिविधियों से जोड़ने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने में सहायता मिलेगी, बल्कि उसके सर्वांगीण विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
उपायुक्त ने योग दिवस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आयुष विभाग तथा डीएवी पब्लिक स्कूल, बिलासपुर का आभार व्यक्त किया तथा आशा जताई कि इस कार्यक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक लोग योग से जुड़कर इसे अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे। इससे पूर्व उपायुक्त ने भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
बढेड़ा में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित, 600 प्रतिभागियों ने किया योगाभ्यास
ऊना : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को हिमकैप्स नर्सिंग एंड लॉ कॉलेज परिसर, बढेड़ा में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ (योगा फॉर हेल्दी एजिंग) के अनुरूप आयोजित कार्यक्रम में प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक चले एक घंटे के योग सत्र में प्रशिक्षुओं, विद्यार्थियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा स्थानीय लोगों सहित लगभग 600 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि सहायक आयुक्त विनय मोदी ने कहा कि योग हमारे ऋषि-मुनियों द्वारा प्रदत्त अमूल्य विद्या है, जिसने भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि ‘करें योग, रहें निरोग’ का भाव स्वस्थ और संतुलित जीवन का मूल मंत्र है। विशेष रूप से युवाओं को योग को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना चाहिए, क्योंकि नियमित योगाभ्यास से शरीर और मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है, एकाग्रता बढ़ती है और व्यक्ति तनावमुक्त एवं अनुशासित जीवन जीने के लिए प्रेरित होता है।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. किरण शर्मा ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पिछले एक माह से जिलेभर में प्री-योग दिवस गतिविधियों के तहत विभिन्न स्थानों पर योग शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
योगाभ्यास को बनाया जाए दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा: अमित मैहरा
चंबा : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज चंबा के ऐतिहासिक चौगान में आयुष विभाग के सौजन्य से जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की थीम “स्वस्थ उम्र बढ़ने के लिए योग” रही। इस थीम के माध्यम से लोगों को जीवन के प्रत्येक चरण में स्वस्थ, सक्रिय एवं निरोग रहने के लिए योग को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने उपस्थित लोगों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निरोग एवं स्वस्थ जीवन के लिए योगाभ्यास को अपनी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नियमित योग करने से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनता है तथा हृदय रोग, मधुमेह सहित अनेक जीवनशैली संबंधी बीमारियों से बचाव संभव है। उन्होंने सभी लोगों से प्रतिदिन योग के लिए समय निकालने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय के प्रभारी डॉ. योगेश जरयाल के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम करवाए गए। इनमें पद्मासन, वज्रासन, भुजंगासन, ताड़ासन तथा शवासन के साथ-साथ प्राणायाम में भस्त्रिका, कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, शीतली एवं उज्जायी का अभ्यास कराया गया।