राजगढ़ : शिमला से हरिपुरधार आ रही बस में एक दवाई विक्रेता का बैंक चेकबुकों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग गुम हो गया है। बैग में कुछ हस्ताक्षरित चेकबुकें भी होने के कारण उनके दुरुपयोग की आशंका जताई गई है। मामले को लेकर हरिपुरधार पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
हरिपुरधार निवासी मीन सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 जून को बस यात्रा के दौरान उनका बैग कहीं गुम हो गया। बैग में उनके और उनकी फर्म मीन मेडिकोज के नाम से विभिन्न बैंकों में संचालित खातों की चेकबुकें और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे।
शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि बैग में रखी कुछ हस्ताक्षरित चेकबुकों का कोई व्यक्ति गलत इस्तेमाल कर सकता है। पुलिस ने शिकायत को रोजनामचा में दर्ज कर प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया है कि बैग बस यात्रा के दौरान ही गुम हुआ है।
पुलिस द्वारा संबंधित बस और अन्य संभावित स्थानों पर बैग की तलाश की जा रही है। साथ ही संबंधित बैंकों को भी आवश्यक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उक्त बैग या उससे संबंधित कोई जानकारी मिले तो तत्काल हरिपुरधार पुलिस चौकी को सूचित करें। दूसरी ओर, बैग के मालिक मीन सिंह ने घोषणा की है कि महत्वपूर्ण दस्तावेजों और चेकबुकों सहित बैग लौटाने वाले व्यक्ति को ₹10,000 का इनाम दिया जाएगा।