HomeHimachalSirmaur13 सीटों के दम पर सिरमौर जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा,...

13 सीटों के दम पर सिरमौर जिला परिषद पर भाजपा का कब्जा, पांचवीं बार श्रीरेणुकाजी के हिस्से आया यह पद

सिरमौर जिला परिषद में भाजपा ने अपनी मजबूत पकड़ को मंगलवार को औपचारिक मुहर में बदल दिया। 17 सदस्यीय जिला परिषद में 13 सीटों के स्पष्ट बहुमत के दम पर भाजपा समर्थित ददाहू वार्ड की शिवानी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष और सराहां वार्ड के बलदेव सिंह भंडारी को उपाध्यक्ष चुन लिया गया।

नाहन : सिरमौर जिला परिषद में भाजपा ने अपनी मजबूत पकड़ को मंगलवार को औपचारिक मुहर में बदल दिया। 17 सदस्यीय जिला परिषद में 13 सीटों के स्पष्ट बहुमत के दम पर भाजपा समर्थित ददाहू वार्ड की शिवानी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष और सराहां वार्ड के बलदेव सिंह भंडारी को उपाध्यक्ष चुन लिया गया। बहुमत के चलते चुनाव एकतरफा रहा और भाजपा ने दोनों शीर्ष पदों पर बिना किसी मुकाबले के कब्जा जमा लिया।

नाहन में आयोजित चुनाव प्रक्रिया में भाजपा के सभी 13 सदस्यों ने हिस्सा लिया। जिला परिषद में भाजपा के 13, कांग्रेस के तीन और एक निर्दलीय सदस्य हैं। बहुमत का आंकड़ा भाजपा के पक्ष में होने के कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न हो गया।

चुनाव के बाद उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिवानी और उपाध्यक्ष बलदेव सिंह भंडारी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।

ये भी पढ़ें:  वाघा बॉर्डर पहुंचे ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’, मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल संवाद

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, शिलाई के पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान समेत भाजपा के अन्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि सिरमौर से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और प्रदेश सरकार में मंत्री हर्षवर्धन चौहान अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से एक भी जिला परिषद सदस्य नहीं जिता सके। उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को स्पष्ट संदेश दे दिया है और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी सिरमौर की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा के प्रत्याशी जीत हासिल करेंगे।

वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिवानी और उपाध्यक्ष बलदेव सिंह भंडारी ने कहा कि वे सभी सदस्यों को साथ लेकर जिले के विकास कार्यों को गति देंगे और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे।

ये भी पढ़ें:  नाहन डाइट में पहली बार टैली सॉफ्टवेयर कार्यशाला, इन्हें दिया जा रहा प्रशिक्षण

पांचवीं बार श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र को मिला जिप अध्यक्ष पद
सिरमौर जिला परिषद के इतिहास में यह पांचवां मौका है, जब श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र को अध्यक्ष पद का नेतृत्व मिला है। बता दें कि इससे पहले नौहराधार से मास्टर सनू राम चौहान 31 दिसंबर 1995 से 22 जनवरी 2001 तक अध्यक्ष रहे। इसके बाद राजेंद्र ठाकुर 18 जून 2003 से 22 जनवरी 2006 तक, मंजू शर्मा 23 जनवरी 2006 से 22 जनवरी 2011 तक और भाजपा की सीमा कल्याण 6 फरवरी 2021 से 31 जनवरी 2026 तक जिला परिषद अध्यक्ष रहीं। अब ददाहू वार्ड से निर्वाचित शिवानी ने इस क्षेत्र को पांचवीं बार यह जिम्मेदारी दिलाई है।

ये रहे चुनाव प्रक्रिया में मौजूद भाजपा के 13 सदस्य
वार्ड नंबर-1 नौहराधार से हंसराज, वार्ड नंबर-2 दानाघाटों से अंकिता ठाकुर, वार्ड नंबर-3 रास्त से सुनीता देवी, वार्ड नंबर-4 शिलाई से इंदुबाला, वार्ड नंबर-5 टटियाना से बलबीर सिंह पुंडीर, वार्ड नंबर-8 भाटावाली से रोहित चौधरी, वार्ड नंबर-10 धौलाकुआं से भगवान दास चौधरी, वार्ड नंबर-11 बनकला से अंकिता शर्मा, वार्ड नंबर-12 त्रिलोकपुर से प्रोमिला देवी, वार्ड नंबर-13 ददाहू से शिवानी, वार्ड नंबर-14 सराहां से बलदेव सिंह भंडारी, वार्ड नंबर-15 लाना भलटा से लेखराज बाच्छल और वार्ड नंबर-17 नेरी कोटली से सरोज बाला चुनाव प्रक्रिया में मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:  विधायक अजय सोलंकी ने छोड़ी बिजली सब्सिडी, 100 उपभोक्ता भी आए आगे
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More