हमीरपुर : गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज बड़ू (हमीरपुर) में 27 जून को आयोजित होने वाला मेगा जॉब फेयर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर लेकर आ रहा है। इस रोजगार मेले में कॉर्पोरेट सेक्टर की 25 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी और युवाओं के साक्षात्कार लेकर चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान करेंगी।
सिटी ग्रुप और सीटी यूनिवर्सिटी द्वारा बहुतकनीकी महाविद्यालय बड़ू के सहयोग से आयोजित इस मेगा जॉब फेयर का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राजेश धर्माणी 27 जून को सुबह करीब 11 बजे बहुतकनीकी महाविद्यालय परिसर पहुंचेंगे और रोजगार मेले का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम के बाद वह दोपहर करीब एक बजे अपने विधानसभा क्षेत्र घुमारवीं के लिए रवाना होंगे।
आयोजकों के अनुसार जॉब फेयर में विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। साक्षात्कार में सफल रहने वाले उम्मीदवारों को उसी दिन नियुक्ति प्रस्ताव भी दिए जाएंगे।
मेगा जॉब फेयर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 94634-85207 और 84370-06030 पर संपर्क कर सकते हैं।
