सोलन : हिमाचल प्रदेश के सोलन की अधिष्ठात्री मां शूलिनी को समर्पित तीन दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय ऐतिहासिक शूलिनी मेले का शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने मेले का शुभारंभ किया और परंपरा के अनुसार मां शूलिनी की पालकी का विधिवत स्वागत करते हुए जन-जन के सौभाग्य, समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की।
मां शूलिनी को समर्पित यह राष्ट्रीय स्तरीय उत्सव देव परंपरा और जन आस्था का प्रतीक माना जाता है। मेले का सबसे प्रमुख आकर्षण देवी की पालकी यात्रा रही, जो मां शूलिनी मंदिर से आरंभ होकर सोलन शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गंज बाजार स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंची, जहां यात्रा का विश्राम हुआ।
स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सोलनवासियों को शूलिनी मेले के राष्ट्रीय स्तर का घोषित होने पर बधाई देते हुए कहा कि यह उत्सव प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है। उन्होंने कहा कि देश में यह अपनी तरह का अनूठा उत्सव है, जहां तीन दिनों तक अनगिनत भंडारों का आयोजन होता है और इस दौरान सोलन शहर की सीमा में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को भोजन उपलब्ध कराया जाता है।
मंत्री ने विश्वास जताया कि मां शूलिनी का यह पावन उत्सव सभी के जीवन में नई ऊर्जा, उमंग और खुशहाली लेकर आएगा।
इससे पहले सोलन के उपायुक्त एवं मेला समिति के अध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल, दून के विधायक राम कुमार चौधरी और अर्की के विधायक संजय अवस्थी का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया। मेले के शुभारंभ से पूर्व स्वास्थ्य मंत्री ने ऐतिहासिक ठोडो मैदान में आयोजित हवन में भी भाग लिया।
इस अवसर पर जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश ठाकुर और सुरेंद्र सेठी, प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम निदेशक मंडल के सदस्य जतिन साहनी, हिमाचल प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के सदस्य शोभित बहल, नगर परिषद सोलन के पूर्व अध्यक्ष कुल राकेश पंत, उप महाधिवक्ता रोहित शर्मा, कांग्रेस के संजीव ठाकुर, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम के प्रबंध निदेशक अजय कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एस.डी. वर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन, नगर निगम आयुक्त एकता कापटा, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।