मंडी : 10वीं और 12वीं पास युवाओं के लिए निजी क्षेत्र में रोजगार पाने का अच्छा अवसर है। जिला रोजगार कार्यालय मंडी के माध्यम से वर्धमान यार्न्स एंड थ्रेड्स लिमिटेड, लुधियाना (पंजाब) में मशीन ऑपरेटर और पैकेजिंग एसोसिएट/सुपरवाइजर के 100 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। इन पदों के लिए पुरुष और महिला दोनों अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं से 12वीं कक्षा उत्तीर्ण और आयु सीमा 18 से 33 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति लुधियाना (पंजाब) में की जाएगी। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को पहले 3 महीने प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण अवधि में 13,486 रुपए प्रतिमाह और प्रशिक्षण उपरांत 15,483 रुपए प्रतिमाह (8 घंटे ड्यूटी) वेतन निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त लड़कों को रहने के लिए कॉलोनी व लड़कियों के रहने के लिए होस्टल की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा ईएसआई, पीएफ, बोनस (नियमानुसार साल में एक बार दीपावली पर अधिकतम एक साल का 30 हजार रुपए से 32 हजार रुपए), ग्रेच्युटी, कैंटीन, चिकित्सा सुविधा एवं अन्य लाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण-पत्रों की मूल एवं छायाप्रति, आधार कार्ड, रोजगार पंजीकरण कार्ड, बैंक पासबुक की प्रति और पासपोर्ट आकार के फोटो व नवीनतम बायोडाटा के साथ साक्षात्कार स्थल पर पहुंचें। यह साक्षात्कार उप रोजगार कार्यालय सरकाघाट में 30 जून, 2026 को प्रातः 10:30 बजे से तथा जिला रोजगार कार्यालय मंडी में 1 जुलाई, 2026 को सुबह 10:30 बजे से आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि साक्षात्कार में भाग लेने के लिए किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय, मंडी के दूरभाष 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।
