चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के भरमौर उपमंडल में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिलाओं समेत 4 लोगों की मौत हो गई, हादसा सांबरा-उरेई संपर्क मार्ग पर सारणी का नाला के पास हुआ, जहां एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 300 फीट गहरी खाई में गिरकर नाले में जा पहुंची। हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए।
जानकारी के अनुसार हादसा शनिवार दोपहर 12 बजे के आसपास हुआ। ऑल्टो कार लूना से वाया सांबरा होते हुए रूहनुकोठी की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त कार में पांच लोग सवार थे। जानकारी मिली है कि कार सवार एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इस बीच सारणी का नाला के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में लुढ़क गई।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
इस हादसे में उरेई गांव निवासी चतरो देवी, बशेरो देवी और रूहनुकोठी निवासी रविकांत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर घायल लता देवी निवासी उरेई भरमौर ने मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार के दाैरान दम तोड़ दिया। हादसे में गंभीर रुप से घायल राकेश का मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचार जारी है।
हादसे के बाद पूरे भरमौर इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस दुर्घटना से स्तब्ध हैं और मृतकों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया है और कारणों की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में लुणा-सामरा-उरेई संपर्क मार्ग पर सारनी पुल के पास हुई सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। इस सड़क हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है।
शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दुःख की इस घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए कि शोक ग्रस्त परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।