नाहन : विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में डॉ. वाई.एस. परमार राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय नाहन के रक्तकोष विभाग द्वारा स्वैच्छिक रक्तदाताओं, सामाजिक संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर वर्ष 2025-26 के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान अभियान में उल्लेखनीय सहयोग देने वाली 25 संस्थाओं व रक्तदाताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
रक्तकोष विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. निशी जसवाल ने बताया कि सम्मानित संस्थाओं में रोटरी संगिनी, जैन सभा, आरोग्य, हिमाचल ड्रग, राजपूत सभा, संत निरंकारी मिशन शिलाई, हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल सोसायटी सराहां, ब्लू स्टार, अंजुमन इस्लामिया, रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब सबलोक, नवयुवक मंडल, रोटरी क्लब नाहन, श्री साई, कांग्रेस समिति, संत निरंकारी ददाहू, सेसा, एचडीएफसी बैंक नाहन, इनर व्हील काउंसिल, इहान, पंजाब केसरी, केएजी सहित अन्य संस्थाएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर सभी सम्मानित संस्थाओं एवं स्वैच्छिक रक्तदाताओं को ट्रॉफियां प्रदान की गईं और जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और इस पुनीत कार्य में योगदान देने वाले लोगों एवं संस्थाओं का उत्साहवर्धन करना रहा।
समारोह के मेडिकल कालेज नाहन में की प्राचार्य डॉ. संगीत ढिल्लों ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान डॉ. राकेश जसवाल विभागाध्यक्ष सूक्ष्मजीव विज्ञान विभाग, डॉ. विपिन चौहान, स्टाफ नर्स स्वाति और रक्तकोष विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में महिला स्वैच्छिक रक्तदाता पारुल जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं, जिन्होंने अब तक 22 बार रक्तदान किया है। विभागाध्यक्ष डॉ. निशी जसवाल ने सभी रक्तदाताओं, सामाजिक संस्थाओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी तरह रक्तदान अभियान में सक्रिय सहयोग बनाए रखने की अपील की।