मंडी : हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड ने लारजी जल विद्युत परियोजना के जलाशय की प्री-मानसून फ्लशिंग 28 जून से 29 जून, 2026 तक किए जाने की जानकारी दी है। इस दौरान लारजी बैराज के सभी गेट खोले जाएंगे और लोगों से ब्यास नदी के किनारे नहीं जाने की अपील की गई है।
वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता ने बताया कि लारजी पावर स्टेशन के लारजी स्थित बांध में जमा गाद की निकासी का कार्य 28 जून को सुबह 6:00 बजे से 29 जून को सुबह 6:00 बजे तक किया जाएगा। सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक सावधानियां बरतते हुए जलाशय से लगभग 2000 क्यूमेक्स तक पानी छोड़ा जाएगा।
उन्होंने लारजी बांध से लेकर पंडोह बांध तक ब्यास नदी के किनारे रहने वाले लोगों, पर्यटकों और आम नागरिकों से आग्रह किया है कि इस अवधि के दौरान नदी के किनारे बिल्कुल न जाएं और किसी भी प्रकार की अनावश्यक आवाजाही से बचें। साथ ही अपने पशुओं को भी नदी के किनारे न ले जाएं, ताकि किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।
उन्होंने बताया कि फ्लशिंग के दौरान लारजी पावर स्टेशन के विद्युत गृह में बिजली उत्पादन पूरी तरह बंद रहेगा। इस कार्य को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा किया जाएगा और लोगों को सतर्क करने के लिए सायरन तथा प्रचार वाहन के माध्यम से भी लगातार सूचना दी जा रही है।