चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे है। एक के बाद एक हादसों से परिवार के परिवार उजड़ रहे हैं। ताजा मामले में चंबा में फिर एक और हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है।
हादसा नकरोड़-हिमगिरि सड़क पर पेश आया, जहां आल्टो कार गहरी खाई में जा गिरी। हादसा देर रात हुआ, लेकिन अंधेरा और सुनसान मार्ग होने के कारण इसकी जानकारी रविवार सुबह स्थानीय लोगों को मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें स्थानीय लोगों के सहयोग से मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन (एचपी-44ए-0494) नकरोड़ से हिमगिरि की ओर जा रहा था। इसी दौरान देर रात वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। रात के समय किसी को हादसे की भनक नहीं लगी। रविवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर खाई में गिरे वाहन पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने दुर्गम परिस्थितियों में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। टीमों ने खाई से चारों शव बाहर निकाले।
फिलहाल चारों मृतकों की शिनाख्त और वाहन के मालिक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है। बता दें कि गत दिन भी चंबा में हुए सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हुई थी। अब इस हादसे ने क्षेत्रवासियों को स्तब्ध कर दिया है।
चंबा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि नकरोड़-हिमगिरि मार्ग पर हुए इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी है।