चंबा : हिमाचल प्रदेश में एक मुस्लिम महिला ने अपने पति पर तीन तलाक देकर घर से निकालने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति और सास के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला जिला चंबा का है। पीड़िता ने इसकी शिकायत महिला पुलिस थाना में दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम, 2019 की धारा 4 और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत तथा प्रताड़ना के आरोप में सास के खिलाफ भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति और सास उसके साथ क्रूरता का व्यवहार करते थे। जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। तीन तलाक दे दिया गया और घर से भी निकाल दिया गया। इसके बाद वह शिकायत लेकर सीधे महिला पुलिस थाना पहुंची।
पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी पति और सास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उनके गांव में दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
