लाहौल स्पीति : हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल-स्पीति के जिस्पा में देर रात नाले में अचानक आई बाढ़ से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया, जिस कारण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग और मनाली-ज़ांस्कर मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सड़क बंद होने से दोनों ओर सैकड़ों वाहनों में सवार पर्यटक और अन्य यात्री फंस गए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने केलांग से आगे वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। वहीं, लेह की ओर से आने वाले वाहनों को भी सुरक्षित स्थानों पर रोक दिया गया है, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी या जोखिम का सामना न करना पड़े। मलबा आने की सूचना मिलते ही बीआरओ की मशीनरी मौके पर पहुंच गई और सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया।
हिमाचल पुलिस के अनुसार, जिस्पा के पास बादल फटने के कारण भारी पानी के बहाव से मनाली-लेह और मनाली-ज़ांस्कर रूट पूरी तरह अवरुद्ध हो गए हैं। लेह पुलिस के साथ समन्वय कर केलांग में ट्रैफिक रोका गया है। प्रभावित क्षेत्र में पुलिस की तैनाती और गश्त जारी है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अगली सूचना तक इन मार्गों पर यात्रा नहीं करने की अपील की है। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।
इससे पहले सोमवार शाम को भी जिस्पा नाले में बाढ़ आने से करीब चार घंटे तक मनाली-लेह मार्ग बंद रहा था। घाटी में बढ़ते तापमान के कारण ग्लेशियर तेजी से पिघल रहे हैं, जिससे नदी-नाले उफान पर हैं। लाहौल घाटी के जाहलमा नाले में भी लगातार मलबा आ रहा है। यहां बीआरओ ने अस्थायी पुलिया बनाई है, जिसके सहारे लोग आवाजाही कर रहे हैं और कृषि उत्पाद भी दूसरी ओर पहुंचाए जा रहे हैं।
