नाहन : हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेश में बढ़ती गोलीबारी, गैंगवार और संगठित अपराध की घटनाओं को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और यदि सरकार ने जल्द हालात नहीं सुधारे तो भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर प्रदेशव्यापी जन आंदोलन छेड़ेगी।
नाहन स्थित भाजपा जिला कार्यालय दीपकमल में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश में सामने आ रही फायरिंग और गैंगवार की घटनाएं सामान्य आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि संगठित अपराध का हिस्सा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्रग माफिया, रेत-बजरी माफिया, कबाड़ माफिया और अन्य आपराधिक गिरोह लगातार सक्रिय हो रहे हैं, जबकि सरकार प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि ऊना, बिलासपुर, बद्दी-बरोटीवाला-नालागढ़ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब शायद ही कोई जिला बचा हो, जहां गैंगवार जैसी स्थिति देखने को न मिली हो। उन्होंने कहा कि जिस तरह की घटनाएं पहले दूसरे राज्यों से जुड़ी मानी जाती थीं, अब वैसी घटनाएं हिमाचल में भी सामने आने लगी हैं, जो बेहद चिंताजनक हैं।
डॉ. बिंदल ने सिरमौर जिले के पांवटा साहिब से कालाअंब क्षेत्र तक कथित माफिया गतिविधियों का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में संगठित अपराध लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पिछले वर्ष भी माफिया राज के खिलाफ प्रदेशभर में आंदोलन चलाया था, लेकिन सरकार ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इसके चलते हालात और अधिक गंभीर हो गए हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने कानून व्यवस्था को सुधारने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो भाजपा पूरे प्रदेश में दोबारा जन आंदोलन शुरू करेगी।
संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति
इससे पहले डॉ. राजीव बिंदल ने सिरमौर भाजपा कार्यालय नाहन में आयोजित हिमाचल प्रदेश भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान, मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं संगठन के अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान संगठन के विस्तार, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, बूथ सशक्तिकरण, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, बेहतर समन्वय एवं सेवा भाव के साथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया।
डॉ. बिंदल ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, समाजसेवा और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका मजबूत संगठन और समर्पित कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाकर ही पार्टी समाज के प्रत्येक वर्ग तक अपनी विचारधारा एवं जनसेवा के कार्यों को प्रभावी ढंग से पहुंचा सकती है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र के साथ प्रत्येक बूथ पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करें तथा पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं। बैठक में प्रदेश कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं निर्णयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपस्थित पदाधिकारियों ने इन निर्णयों के विरुद्ध व्यापक जनजागरण एवं जनआंदोलन की रूपरेखा तैयार करने पर विचार-विमर्श किया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है और जनता का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
