नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में बहने वाली ऐतिहासिक मारकंडा नदी पर रिकॉर्ड 11 पुलों का निर्माण क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि इन पुलों के बनने से बरसात के दौरान होने वाली वर्षों पुरानी परेशानी खत्म हुई है और हजारों लोगों को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिली है।
उन्होंने कहा कि एक समय बरसात में मारकंडा नदी उफान पर आने से लोगों के मन में भय बना रहता था। नदी पार करते समय कई लोगों की जान चली गई, जबकि कई गांवों का संपर्क घंटों और कई बार दिनों तक कट जाता था। इससे विद्यार्थियों, किसानों, कर्मचारियों, व्यापारियों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए योजनाबद्ध तरीके से पुलों का निर्माण कराया गया। पांवटा साहिब-नाहन-कालाअंब नेशनल हाईवे पर खजुरना में बना पुल मारकंडा नदी पर 11वां पुल है। इससे पहले बनकला, ढिमकी, रुखड़ी, मोगीनंद समेत विभिन्न स्थानों पर पुल बनाए जा चुके हैं, जिससे क्षेत्र के कई गांवों को पूरे वर्ष सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि ये पुल केवल कंक्रीट और लोहे की संरचनाएं नहीं, बल्कि सैकड़ों परिवारों की सुरक्षा, सुविधा और विकास की मजबूत नींव हैं। इनके निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिली है।
उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाने का अवसर मिला, जिसके परिणामस्वरूप मारकंडा नदी पर रिकॉर्ड 11 पुलों का निर्माण संभव हो पाया। यह उपलब्धि पूरे नाहन विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
बिंदल ने कहा कि मारकंडा नदी पर रिकॉर्ड 11 पुलों के निर्माण में योगदान देना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने इसे जनसुरक्षा, जनसुविधा और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बताते हुए क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।