पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में वन विभाग ने संरक्षित वन्यजीवों के शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मॉनिटर लिजर्ड (गोह) बरामद हुई हैं, जिनमें एक जीवित और तीन मृत मिलीं। वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग को मॉनिटर लिजर्ड के शिकार की सूचना मिलने के बाद टीम सतर्क थी। शुक्रवार शाम राजबन के समीप एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। बाइक पर सवार तीन लोगों के पास एक भालानुमा हथियार और एक बोरी मिली। जब बोरी की जांच की गई तो उसमें चार मॉनिटर लिजर्ड बरामद हुईं। इनमें से एक जीवित थी, जबकि तीन की मौत हो चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चारों मॉनिटर लिजर्ड का शिकार शुक्रवार को ही किया गया था। घायल जीवित मॉनिटर लिजर्ड के उपचार के लिए मौके पर पशु चिकित्सक को बुलाया गया। फिलहाल उसे वन विभाग और पशुपालन विभाग की निगरानी में रखा गया है।
बता दें कि मॉनिटर लिजर्ड, जिसे स्थानीय भाषा में गोह कहा जाता है, वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित प्रजाति है। इसके शिकार पर पूर्ण प्रतिबंध है और दोषी पाए जाने पर सजा का प्रावधान है।
वन विभाग के एसीएफ आदित्य शर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों के कब्जे से एक जीवित और तीन मृत मॉनिटर लिजर्ड बरामद हुई हैं। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोल्डी, गुज्जर और अंजा के रूप में हुई है, जो कुंजा के रहने वाले हैं। तीनों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।