नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर नाहन के ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
डॉ. बिंदल ने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं हमें सदैव प्रेम, सेवा, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से समाज को भाईचारे, सद्भाव, समानता और मानव कल्याण का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी संपूर्ण मानव समाज के लिए मार्गदर्शक हैं।
गुरु गोविंद सिंह जी के नाहन आगमन से जुड़ा है सिरमौर का गौरवशाली इतिहास
डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन और सिरमौर की धरती का सिख गुरुओं के इतिहास से विशेष एवं गौरवशाली संबंध रहा है। ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, सन् 1685 ईस्वी में सिरमौर रियासत के तत्कालीन राजा मेदिनी प्रकाश के निमंत्रण पर दशम पातशाही श्री गुरु गोविंद सिंह जी नाहन पधारे थे।
इसके पश्चात गुरु गोविंद सिंह जी ने यमुना नदी के तट पर पांवटा साहिब में अपना निवास स्थापित किया। आज नाहन और पांवटा साहिब सिख समाज के प्रमुख एवं पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है। यह ऐतिहासिक संबंध सिरमौर की धरती के लिए गौरव और श्रद्धा का विषय है।
गुरु साहिब की मेहर सभी पर बनी रहे, यही अरदास
डॉ. बिंदल ने अरदास करते हुए कहा कि गुरु साहिब की मेहर हम सभी पर बनी रहे, हर घर में सुख-शांति हो और हर चेहरे पर मुस्कान हो। गुरु जी सबका भला करें और हम सभी को सदैव मानवता की सेवा करने की शक्ति प्रदान करें।
- ये भी पढ़ें : 650 वर्ष पूर्व संत रविदास जी की शिक्षाएं जितनी प्रासंगिक थीं, आज भी उतनी ही प्रासंगिक: डॉ. बिंदल
- ये भी पढ़ें : हिमाचल में कर्मचारियों को जीपीएफ पर जारी रहेगा 7.1 प्रतिशत ब्याज, वित्त विभाग ने दिए निर्देश





