मंडी : हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने एक निजी बस में सफर कर रहे तीन युवकों से 5.535 किलोग्राम चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद की है। तीनों आरोपी हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना सदर की टीम शिला किप्पड़ क्षेत्र में नियमित नाकाबंदी और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान केलांग-मनाली-धर्मशाला रूट पर चल रही एक निजी बस को जांच के लिए रोका गया। तलाशी के दौरान बस में सवार तीन यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। पुलिस ने संदेह के आधार पर उनकी तलाशी ली तो उनके कब्जे से भारी मात्रा में चरस और अफीम बरामद हुई।
आरोपियों की पहचान अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार और अमित के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पूछताछ में यह पता लगाया जाएगा कि बरामद चरस और अफीम कहां से लाई गई थी, इसकी खेप कहां पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।
एसपी मंडी विनोद कुमार ने कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि नशा तस्करी या अन्य अवैध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।