बिलासपुर : महिंद्रा एंड महिंद्रा स्वराज, मोहाली ने विभिन्न श्रेणियों के 200 पद अधिसूचित किए हैं। इन पदों के लिए 30 जुलाई को उप रोजगार कार्यालय घुमारवीं तथा 31 जुलाई को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में कैंपस साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी बिलासपुर राजेश मेहता ने बताया कि मशीन ऑपरेटर, फिटर, ट्रैक्टर, डीजल मोटर मैकेनिक, पेंटर और टर्नर के पदों के लिए केवल पुरुष उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी संबंधित ट्रेड में आईटीआई या डिप्लोमा उत्तीर्ण होना चाहिए तथा वर्ष 2023 से 2026 के बीच पास होना आवश्यक है। उम्मीदवार की आयु 18 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 17 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी सभी मूल प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड (एक्स-10), आधार कार्ड, दसवीं का प्रमाण पत्र, संबंधित शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आकार के फोटो, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण पत्र (यदि हो) के साथ निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर पहुंचकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर के दूरभाष नंबर 01978-222450 तथा नियोक्ता के मोबाइल नंबर 74091-76699 पर संपर्क किया जा सकता है। साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को यात्रा या अन्य किसी प्रकार का भत्ता देय नहीं होगा।
