बद्दी : पुलिस थाना मानपुरा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशनपुरा से लापता युवक को 24 घंटे के भीतर सकुशल तलाश कर उसके परिजनों से मिला दिया।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को थाना मानपुरा में दर्ज गुमशुदगी के मामले में किशनपुरा निवासी परशोत्तम पुत्र रूप लाल के लापता होने की सूचना मिली थी। मामला दर्ज करने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत तलाश शुरू की और युवक को पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले की खमाणों तहसील के गांव सिंघोल से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस टीम युवक को सुरक्षित मानपुरा लेकर आई। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके पिता रूप लाल के सुपुर्द कर दिया गया। पुत्र के सकुशल मिलने पर रूप लाल ने पुलिस थाना मानपुरा की टीम का आभार जताया।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर लोगों को समय पर पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
