हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) हमीरपुर ने चार अलग-अलग श्रेणियों के पदों की भर्ती के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) की तिथियां घोषित कर दी हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि कनिष्ठ अभियंता (सिविल) पोस्ट कोड-26016 की परीक्षा 9 अगस्त को तीन अलग-अलग शिफ्टों में सुबह 9 से 10ः30 बजे तक, दोपहर 12ः30 बजे से 2 बजे तक और शाम को 4 से 5ः30 बजे तक होगी।
फाइन आर्ट्स शिक्षक पोस्ट कोड-26033 की परीक्षा 14 अगस्त को सुबह 9 से 10ः30 बजे तक, साइकोलॉजी शिक्षक पोस्ट कोड-26031 की परीक्षा इसी दिन दोपहर 12ः30 बजे से 2 बजे तक और ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट पोस्ट कोड-26008 की परीक्षा शाम को 4 से 5ः30 बजे तक होगी।
डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा से एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर एक लिंक का प्रावधान किया जाएगा, जिससे अभ्यर्थी अपना रोल नंबर एवं एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी मोबाइल फोन पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।
सचिव ने सभी अभ्यर्थियों से नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट पर या अपने मोबाइल पर एसएमएस और ईमेल पर ताजा स्टेटस चेक करते रहने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए आयोग के कार्यालय में या दूरभाष नंबर 01972-222204 पर भी संपर्क किया जा सकता है।