HomeHimachalChambaचंबा में 122 सड़कें बंद, 150 ट्रांसफार्मर और 65 पेयजल योजनाएं प्रभावित;...

चंबा में 122 सड़कें बंद, 150 ट्रांसफार्मर और 65 पेयजल योजनाएं प्रभावित; DC ने जारी की एडवाइजरी

उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के मद्देनजर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।

चंबा : उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा के मद्देनजर लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान तेज बारिश होने पर सुरक्षित स्थान पर रुकें और मौसम सामान्य होने के बाद ही आगे बढ़ें। साथ ही यात्रा शुरू करने से पहले प्रशासन के हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1077 और 98166 98166 से सड़कों की वर्तमान स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

उन्होंने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार वर्षा से जिले में व्यापक नुकसान हुआ है। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार लगभग 122 सड़कें अवरुद्ध हुई हैं, 150 से अधिक विद्युत वितरण ट्रांसफॉर्मर प्रभावित हुए हैं और 65 पेयजल योजनाएं बाधित हुई हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-154A पर विभिन्न स्थानों पर भूस्खलन से प्रभावित हुआ था, जिसे समय रहते राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। वहीं लोक निर्माण, जल शक्ति विभाग तथा हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड की टीमें अन्य प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर बहाली कार्य कर रही हैं।

ये भी पढ़ें:  नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर शिमला में सर्वदलीय कैंडल मार्च, CM बोले- राहुल गांधी बने न्याय की आवाज

उपायुक्त ने बताया कि सुल्तानपुर क्षेत्र में नाले का पानी रिहायशी इलाकों में घुसने से दो मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए तथा कई अन्य घरों में पानी और मलबा भर गया। एसडीएम व नगर परिषद की टीमों के द्वारा जायजा लेने के पश्चात प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बार-बार बनने वाली बाढ़ जैसी स्थिति के स्थायी समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष का मानसून जिला चंबा के लिए अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। अब तक सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 45 लोगों की जान जा चुकी है। सोमवार देररात बनीखेत के लाहड़ में हुई दुखद दुर्घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि खराब मौसम में विशेष सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने लोगों से देर रात यात्रा से बचने, आवश्यकता होने पर सुरक्षित स्थान पर रात्रि विश्राम करने तथा नदी-नालों के किनारे निर्माण से परहेज करने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता ही जान-माल की सुरक्षा का सबसे प्रभावी उपाय है।

ये भी पढ़ें:  पहाड़ों पर मैदानी नियम क्यों? CM सुक्खू का केंद्र से सवाल, JJM 2.0 पर MOU के साथ लंबित 1227 करोड़ भी मांगे
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More