शिमला : हिमाचल प्रदेश में मानसून का कहर अभी थमने वाला नहीं है। मौसम विभाग ने 19 अगस्त तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान जताया है। इस दौरान 14 अगस्त के साथ 17 और 18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 15, 16 और 19 अगस्त को भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा।
आज मंडी-सिरमौर में भारी बारिश का अलर्ट
शुक्रवार को कांगड़ा, ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर, चंबा, सोलन, मंडी और शिमला में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो दौर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मंडी और सिरमौर में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है, जबकि ऊना, बिलासपुर, चंबा और कांगड़ा में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। कुल्लू, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
17-18 अगस्त को फिर ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 अगस्त को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। इसके बाद 17 और 18 अगस्त को फिर भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 19 अगस्त को भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। 19 अगस्त तक किन्नौर और लाहौल-स्पीति में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कम और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने के साथ तेज हवाओं की भी संभावना जताई गई है।
बारिश ने बढ़ाई मुसीबत, 136 सड़कें बंद
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार गुरुवार शाम तक प्रदेश में बारिश और उससे जुड़ी घटनाओं के कारण 136 सड़कें बंद थीं। इनमें मंडी की 48, कुल्लू की 37, शिमला की 26, चंबा की 7, सिरमौर की 6, कांगड़ा की 5, ऊना की 4, लाहौल-स्पीति की 2 और किन्नौर की एक सड़क शामिल है। बारिश के कारण 242 पेयजल योजनाएं और 9 ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।
मानसून में 77 मौतें, 955 करोड़ का नुकसान
इस मानसून सीजन में हिमाचल को अब तक करीब 955 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है। बारिश से जुड़ी घटनाओं में 77 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें भूस्खलन से 14 और फ्लैश फ्लड से एक मौत शामिल है। मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान भूस्खलन, फ्लैश फ्लड और जलभराव की आशंका को देखते हुए लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी है।
