शिमला : इस बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के सभी सरकारी स्कूल खुले रहेंगे। 15 अगस्त को सरकारी विद्यालयों में सार्वजनिक अवकाश नहीं होगा।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में स्पष्ट आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी स्कूलों को स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित करने और विद्यार्थियों की अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा विभाग के आदेशों के अनुसार 15 अगस्त को सभी सरकारी विद्यालय सामान्य रूप से संचालित रहेंगे और छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
इसके अलावा तहसील, उपमंडल और जिला मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले आधिकारिक स्वतंत्रता दिवस समारोहों में भी स्कूलों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
आदेशों के पालन के लिए प्रदेश के सभी जिला उपनिदेशक (प्राथमिक एवं उच्च शिक्षा) और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (कॉम्प्लेक्स) के प्रधानाचार्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला उपनिदेशकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के सभी सरकारी विद्यालयों तक यह आदेश तत्काल पहुंचाएं और स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
