HomeHimachalShimlaहिमाचल को सड़क और हवाई नेटवर्क की सौगात, गडकरी से मिले हर्ष...

हिमाचल को सड़क और हवाई नेटवर्क की सौगात, गडकरी से मिले हर्ष महाजन; एयरपोर्ट विस्तार पर भी आया बड़ा अपडेट

राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों, सड़क संपर्क और अधोसंरचना विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से सार्थक चर्चा हुई।

शिमला : राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्गों, सड़क संपर्क और अधोसंरचना विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से सार्थक चर्चा हुई।

हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष हिमाचल प्रदेश में सड़क अवसंरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेष रूप से दुर्गम एवं जनजातीय क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने, राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार तथा प्रदेश के विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा की।

इस दौरान हर्ष महाजन ने पठानकोट–चंबा–भरमौर सड़क परियोजना का कार्य प्रारंभ करने और इसे भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अंतर्गत लाने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के साकार होने से चंबा और भरमौर क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधा मिलेगी, पर्यटन को नई गति प्राप्त होगी और क्षेत्र के सामाजिक व आर्थिक विकास को भी बड़ा बल मिलेगा।

ये भी पढ़ें:  श्रावण अष्टमी मेले में नहीं बजेंगे ढोल-नगाड़े और लाउडस्पीकर, श्री नैना देवी मंदिर परिसर में 13 से 23 अगस्त तक लगाया प्रतिबंध

हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। सड़क, परिवहन और अधोसंरचना के क्षेत्र में केंद्र सरकार द्वारा अभूतपूर्व निवेश किया जा रहा है, जिससे प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में अनेक महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं शीघ्र गति से आगे बढ़ेंगी, जिससे प्रदेश के विकास, पर्यटन, व्यापार तथा आम जनजीवन को दीर्घकालिक लाभ प्राप्त होगा।

हिमाचल में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध
सांसद हर्ष महाजन द्वारा राज्यसभा में हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क, एयरपोर्ट विस्तार, भूमि अधिग्रहण तथा हेलीपोर्ट विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए जाने पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने विस्तृत उत्तर दिया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को सुदृढ़ बनाने और नागरिक उड्डयन ढांचे के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है।

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में चिट्टे के साथ दबोचा ये शख्स, कुंजा से लाया था नशा, पुलिस ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई

केंद्रीय मंत्री ने अपने उत्तर में बताया कि वर्तमान में शिमला हवाई अड्डा दिल्ली और धर्मशाला, कांगड़ा (गगल) हवाई अड्डा दिल्ली, जेवर, चंडीगढ़ और शिमला, जबकि कुल्लू-भुंतर हवाई अड्डा अमृतसर, दिल्ली और जयपुर से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के हवाई संपर्क को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत है।

मंत्री ने बताया कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) ने राज्य सरकार के अनुरोध पर कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार की योजना तैयार कर ली है, जिसके लिए 369.82 एकड़ अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता है। यह भूमि राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जानी है, लेकिन अभी तक AAI को हस्तांतरित नहीं की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन नीति-2016 के अनुसार एयरपोर्ट विस्तार के लिए आवश्यक भूमि उपलब्ध कराना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है।

ये भी पढ़ें:  ऑपरेशन सेफ स्ट्रीट: बिना नंबर प्लेट दौड़ रहे 10 दोपहिया वाहन पुलिस ने किए जब्त, 22 वाहनों के काटे चालान

केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि कुल्लू-भुंतर हवाई अड्डे के विस्तार तथा शिमला एयरपोर्ट के रनवे विस्तार में भौगोलिक परिस्थितियां, कठिन भू-भाग और भूमि संबंधी सीमाएं प्रमुख बाधाएं हैं, जिसके कारण इन परियोजनाओं का विस्तार वर्तमान परिस्थितियों में संभव नहीं है।

मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय संपर्क योजना (UDAN) के तहत हिमाचल प्रदेश में अब तक 40 हवाई मार्गों का संचालन शुरू किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त हेलीपोर्ट विकास के संबंध में उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में रामपुर, मंडी, रिकांगपिओ और संजौली से हेलीकॉप्टर सेवाएं संचालित हो रही हैं। राज्य में हेलिपोर्ट अवसंरचना के विकास के लिए ₹51.11 करोड़ स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से ₹37.31 करोड़ की राशि अब तक व्यय की जा चुकी है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More