HomeHimachalSirmaurनाहन में वाहनों के टायर चोरी के चार मामलों का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड...

नाहन में वाहनों के टायर चोरी के चार मामलों का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड गिरफ्तार, चोरी का पूरा खेल आया सामने

जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में पार्क की गईं कारों के टायर चोरी होने की लगातार सामने आ रही घटनाओं का जिला सिरमौर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। 

नाहन : जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में पार्क की गईं कारों के टायर चोरी होने की लगातार सामने आ रही घटनाओं का जिला सिरमौर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।

मामलों की गंभीरता को देखते हुए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से जांच करते हुए चार अलग-अलग मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी किए गए सभी टायर, रिम और अलॉय व्हील भी बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार पहला मामला बिरोजा फैक्ट्री के समीप पार्क की गई कार से चारों टायर और अलॉय व्हील चोरी होने का था। इसके बाद अस्पताल रोड पर खड़ी एक अन्य कार के चारों टायर चोरी कर लिए गए, जबकि वाहन की पिछली खिड़की का शीशा भी तोड़ दिया गया।

तीसरे मामले में शनाड़ी लिंक रोड पर खड़ी स्विफ्ट कार के चारों टायर रिम सहित चोरी कर लिए गए। वहीं चौथा मामला संस्कृत कॉलेज नाहन के नीचे पार्क की गई फ्रॉन्क्स कार से जुड़ा है, जिसके चारों टायर चोरी कर लिए गए थे। इन सभी मामलों में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) के तहत मामले दर्ज किए गए थे।

ये भी पढ़ें:  एवरेस्ट फतह करने वाली हिमाचल की बेटी रुचि ठाकुर को CM सुक्खू ने किया सम्मानित, 1 लाख के पुरस्कार की घोषणा

जांच के दौरान पुलिस के सामने आरोपी अभिमन्यु (22) निवासी चिड़ावाली मोहल्ला, नाहन द्वारा वारदात को अंजाम देने का तरीका भी उजागर हुआ। आरोपी देर रात सुनसान स्थानों पर खड़ी कारों को निशाना बनाता था। वह कार के चारों टायर और रिम अथवा अलॉय व्हील खोलकर अपनी स्विफ्ट डिजायर कार में लाद लेता और उन्हें चंडीगढ़ के मनीमाजरा स्थित मोटर मार्केट पहुंच जाता था।

वह वहां दुकानदारों को यह झूठी कहानी सुनाता था कि उसकी कार में लगे अलॉय व्हील वाहन के पंजीकरण प्रमाणपत्र (RC) के अनुरूप नहीं हैं और पुलिस इस पर करीब 10 हजार रुपये का चालान कर सकती है। वह यह भी कहता था कि उसने सेकेंड हैंड टायर खरीदे हैं और उन्हें अपनी कार में लगवाना चाहता है। इस बहाने वह चोरी किए गए टायर अपनी कार में फिट करवा लेता और अपनी कार के पुराने टायर डिक्की में रख लेता था।

इसके बाद आरोपी उन्हीं दुकानदारों से कहता था कि पुराने टायर अब उसके किसी काम के नहीं हैं और यदि वे चाहें तो उन्हें खरीद सकते हैं। टायर अच्छी स्थिति में होने के कारण दुकानदार उन्हें खरीद लेते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने चोरी किए गए टायर चार अलग-अलग दुकानों पर 8 हजार से 11,500 रुपये तक में बेच दिए।

ये भी पढ़ें:  नाहन में चिट्टे के साथ पकड़े गए ये युवक, कालाअंब की तरफ से कार में लेकर पहुंचे थे नशा, गुप्त सूचना पर कार्रवाई

SIT ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों मामलों में चोरी किए गए सभी टायर, रिम और अलॉय व्हील भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।

जिला सिरमौर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने वाहनों को यथासंभव सुरक्षित और रोशनी वाले स्थानों पर पार्क करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस हेल्पलाइन पर दें। पुलिस ने कहा कि अपराधों की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

आरोपी तक ऐसे पहुंची पुलिस
डीएसपी हेडक्वार्टर रमाकांत ठाकुर ने बताया कि लगातार हो रही टायर चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए गठित SIT ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की। जांच के दौरान ट्रैफिक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी की स्विफ्ट डिजायर कार चोरी वाले क्षेत्रों में संदिग्ध रूप से आती-जाती दिखाई दी। साथ ही, पूर्व में भी समान प्रकृति के एक मामले में आरोपी संदेह के दायरे में था, जिसमें लोकेशन घटना स्थल के आसपास पाई गई थी।

ये भी पढ़ें:  रेबीज से प्रवासी व्यक्ति की मौत के बाद हरकत में आया स्वास्थ्य विभाग, उठाए एहतियाती कदम

इन तथ्यों के आधार पर आरोपी अभिमन्यु से पूछताछ की गई तथा साइबर टीम द्वारा उसके बैंक खातों के लेन-देन का विश्लेषण किया गया। जांच में पाया गया कि प्रत्येक चोरी की घटना के अगले दिन उसके खाते में मनीमाजरा मोटर मार्केट की दुकानों से ऑनलाइन भुगतान प्राप्त हुआ था।

सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन एवं बैंक लेन-देन सहित उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मनीमाजरा मोटर मार्केट की चार अलग-अलग दुकानों से चोरी किए गए कुल 16 टायर (रिम/अलॉय व्हील सहित) बरामद किए गए और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि इन मामलों का मुख्य आरोपी अभिमन्यु है। बाकी आरोपी चोरी टायर खरीदने वाले दुकानदार हैं। आगामी कार्रवाई जारी है।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More