कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के मनाली में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ओल्ड मनाली स्थित क्लब हाउस के समीप एक जिम्नी जीप अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे मनालसु नाले में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार हादसा शुक्रवार देर रात करीब एक बजे हुआ। जिम्नी जीप (HP26A-0011) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे नाले में जा गिरी। हादसे के समय पास स्थित एक होटल के मैनेजर ने तेज धमाके की आवाज सुनी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक वाहन नाले में गिरा हुआ है। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचा तथा सभी घायलों को नाले से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने मंडी निवासी 32 वर्षीय रोहित कुमार और कुल्लू निवासी करुण बौद्ध को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में विवेक, नरेश कुमार और उर्मिला घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रख दिया है। परिजनों के मनाली पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर कार के अनियंत्रित होकर नाले में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
