हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (HPRCA) ने शिक्षा विभाग में स्पेशल एजुकेटर की दो अलग-अलग श्रेणियों के पदों को भरने के लिए आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट के परिणाम घोषित कर दिए हैं। ये परीक्षा परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिए गए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि स्पेशल एजुकेटर (प्री प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक) के 108 पदों को भरने के लिए पोस्ट कोड-25022 के तहत आयोजित सीबीटी में 290 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है जोकि 20 अगस्त को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में आरंभ होगी।
स्पेशल एजुकेटर (छठी से बारहवीं कक्षा तक) के 83 पदों को भरने के लिए पोस्ट कोड-25023 के तहत आयोजित सीबीटी में 179 उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जा रहा है जोकि 26 अगस्त को सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में आरंभ होगी।
इसकी सूचना उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर दी जाएगी। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डॉउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।